सेक्टर-24 से 80 तक मास्टर सेक्टर डिवाइडिंग रोड और फुटपाथ का टेंडर जारी
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) अपनी सड़कों के रखरखाव पर करीब 3.65 करोड़ रुपये खर्च करने जा रहा है। जीएमडीए ने सेक्टर-24 से 80 तक मास्टर सेक्टर डिवाइडिंग रोड और फुटपाथ का वार्षिक रखरखाव के लिए टेंडर जारी कर दिया है।
शहर की सभी प्रमुख सड़कों की जिम्मेदारी जीएमडीए के पास है। जीएमडीए ने पिछले साल कई सड़कों के निर्माण और मरम्मत कार्य का ठेका दिया था, जिसे पूरा कराया जा रहा है। दूसरी ओर मास्टर सड़कों के रखरखाव का टेंडर जारी कर दिया है। सेक्टर-24 से 80 तक मास्टर सेक्टर डिवाइडिंग रोड और फुटपाथ का वार्षिक रखरखाव पर करीब 3.65 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
बता दें कि शहर की टूटी सड़कों से लोग परेशान है। अभी भी कई सड़कों पर गड्ढे भरने का काम पूरा नहीं हो सका है। इससे लोगों को परेशानी हो रही है। इसमें नगर निगम और जीएमडीए की सड़कें शामिल हैं। दोनों एजेंसी इस कार्य को पूरा कराने में लगी हुई हैं।