गुरुग्राम। बजघेड़ा इलाके में बृहस्पतिवार रात बिजली का तार टूटकर गिरने से करंट की चपेट में आए 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई। परिजनों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस को शिकायत दी है। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के रामकोट निवासी मौजी के रूप में हुई है। वह बजघेड़ा में किराये के कमरे में रहकर मजदूरी करता था। परिजनों के अनुसार, बृहस्पतिवार रात बारिश के दौरान मौजी शौच के लिए बाहर जा रहा था। अंधेरा होने के कारण वह रास्ते में टूटकर गिरे हाईवोल्टेज बिजली के तार को देख नहीं पाया और उसकी चपेट में आ गया। करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर बजघेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिजनों की शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। ब्यूरो