33 रोडवेज बसें वर्ष-2024 के अलग-अलग माह में होंगी खड़ी
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। गुरुग्राम डिपो के बेड़े में 202 रोडवेज बसें यात्रियों को सफर करा रही हैं। इन बसों में से 35 बसें अगले एक साल के दौरान 10 साल पूरे होने पर कंडम हो जाएंगी। दिसंबर माह में ही दो रोडवेज बसें बेड़े से बाहर हो जाएंगी, वहीं 33 बसें वर्ष-2024 के दौरान अलग-अलग माह में कंडम घोषित हो जाएंगी। हालांकि गुरुग्राम डिपो में टाटा कंपनी की आठ नई बसें खड़ी हैं, जिनके दस्तावेज तैयार होने व पासिंग होने के बाद रूट पर संचालित किया जाएगा, वहीं कई नई बसें भी गुरुग्राम डिपो को आगामी दिनों में मिलेंगी।
हरियाणा परिवहन विभाग की ओर से वर्ष 2013-14 में काफी बसों को रोडवेज के बेड़े में शामिल किया गया था। डीजल से चलने वाली बसों व अन्य वाहनों के चलाने के लिए 10 साल की अनुमति होती है। ऐसे में इन रोडवेज बसों को 10 साल पूरे होने पर बसों को कंडम घोषित कर दिया जाता है। वर्ष-2023 के दौरान 10 साल पूरे करने वाली कई रोडवेज बसों को कंडम घोषित किया जा चुका है। गुरुग्राम डिपो महाप्रबंधक प्रदीप कुमार अहलावत ने बताया कि 10 साल पूरे करने वाली रोडवेज बसों के कंडम होने से रूटों पर यात्रियों को असुविधा नहीं होगी। डिपो के पास पर्याप्त संख्या में बीएस-6 तकनीक वाली नई बसें हैं।
बता दें कि वर्तमान में गुरुग्राम डिपो में 202 रोडवेज बसें यात्रियों को सेवाएं दे रही हैं। जिनमें छह वॉल्वो बस, 20 मिनी बस, सात एसी बसें, 35 किमी स्कीम वाली बसें, 95 बीएस-6 तकनीक वाली नई बसें और 39 बीएस-4 तकनीक वाली बसें हैं। बीएस-4 तकनीक वाली 39 बसों में से 35 बसें 10 साल पूरे करने पर अगले एक साल में कंडम हो जाएंगी। गुरुग्राम डिपो के मुख्य निरीक्षक (सीआई) राजबीर सिंह ने बताया कि वर्ष-2014 में बेड़े में शामिल हुई बसों के 10 साल पूरे होने वाले हैं। समय पूरा होने के बाद बसों को डिपो में खड़ा करा दिया जाएगा।