राज्य स्तरीय प्रतियोगिता 27 और 28 नवंबर को कुरुक्षेत्र में होगी
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। सेक्टर-4/7 स्थित पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में मंगलवार को जिला स्तरीय 32वीं राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस 2026-27 का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम डीपीसी, आईआरएडीए, जिला समन्वयक और जिला शैक्षणिक समन्वयक के नेतृत्व में संयुक्त रूप से आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, शोध क्षमता, नवाचार और पर्यावरण के प्रति जागरूकता विकसित करना था। इस वर्ष की विज्ञान कांग्रेस का मुख्य विषय स्थिरता के लिए विज्ञान और नवाचार था। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्रों के बीच वैज्ञानिक दृष्टिकोण, अनुसंधान की प्रवृत्ति, नवाचारी सोच और पर्यावरण के प्रति जागरूकता विकसित करना था।
कार्यक्रम में एसीपी दिनेश कुमार और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बसई के प्राचार्य नरेंद्र मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने विज्ञान आधारित शोध परियोजनाएं प्रस्तुत कीं। सीनियर वर्ग में कुल 22 टीमों ने भाग लिया, जबकि जूनियर वर्ग में 12 टीमों ने अपनी परियोजनाएं प्रदर्शित कीं। दोनों वर्गों में तीन-तीन टीमों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया।
शहरी सीनियर वर्ग में ब्लू बेल्स स्कूल, सेक्टर-4, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, अलीपुर घामरोज, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, खेड़की दौला के विद्यार्थियों का चयन किया गया। वहीं जूनियर वर्ग में सेक्टर-4 स्थित ब्लू बेल्स स्कूल , सेक्टर-49 स्थित डीएवी स्कूल, सेक्टर-43 स्थित एमिटी इंटरनेशनल स्कूल के छात्रों ने राज्यस्तरीय प्रतियोगिता ने अपना स्थान बनाया।