दो दिन में 212 लोगों की हुई जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। छह माह से पांच साल तक के छोटे बच्चों में पोषण की कमी देखने को मिल रही है। सेक्टर-10 स्थित नागरिक अस्पताल में सेवा संकल्प की ओर से अस्पताल में मरीजों के लिए मरीजों की स्वास्थ्य जांच की जा रही है। इसमें एनीमिया मुक्त भारत अभियान के तहत से बृहस्पतिवार और शुक्रवार को करीब 212 लोगों की एनीमिया की जांच की गई, जिसमें 34 लोग एनीमिया से ग्रस्त मिले। इनमें सबसे अधिक मामले छह माह से पांच साल तक के बच्चों में सामने आए हैं। इस आयु वर्ग में 17 बच्चों की जांच की गई, जिसमें 11 बच्चे एनीमिया से ग्रस्त पाए गए।
आंकड़ों के अनुसार पांच से नौ वर्ष के 21 बच्चों में से पांच में एनीमिया मिला। वहीं 10 से 16 वर्ष के 20 किशोरों की जांच में दो किशोर एनीमिया से ग्रस्त पाए गए। 20 से 49 वर्ष की आयु के 125 लोगों की जांच में नौ लोग एनीमिया से प्रभावित मिले। 50 से 60 वर्ष के 17 लोगों में पांच और 60 वर्ष से अधिक आयु के 11 बुजुर्गों में दो लोगों में एनीमिया पाया गया।
छोटे बच्चों में सबसे अधिक मामले
दो दिनों में हुई जांच में छह माह से पांच साल तक के बच्चों में एनीमिया का अनुपात अन्य आयु वर्गों की तुलना में अधिक रहा। 17 में से 11 बच्चों के एनीमिया से ग्रस्त मिलने के बाद बच्चों के पोषण पर सवाल खड़े हो रहे हैं। डॉक्टरों के अनुसार बच्चों के विकास के लिए भोजन में आयरन, विटामिन बी-12 और अन्य जरूरी पोषक तत्वों का पर्याप्त मात्रा में होना जरूरी है। इन पोषक तत्वों की कमी होने पर एनीमिया का खतरा बढ़ सकता है।
नागरिक अस्पताल के पीएमओ डॉ. नीना ने बताया कि सेवा संकल्प की ओर से मरीजों की एनीमिया के साथ अन्य स्वास्थ्य जांच भी की जा रही है। जांच के बाद लोगों को एनीमिया से बचाव, दवाइयों और संतुलित आहार के बारे में जानकारी दी जा रही है।