शोरूम पर देर शाम तक चली खरीदारी, ई-वाहन रहे लोगों की प्राथमिकता
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। अक्षय तृतीया के मौके पर इस बार भी लोगों ने जमकर वाहन खरीदे। विभिन्न ऑटोमोबाइल एजेंसियों और शोरूम संचालकों के अनुसार, एक ही दिन में जिलेभर में 500 से अधिक वाहनों की बिक्री हुई। वाहन एजेंसियों के अनुसार, सबसे अधिक मांग दोपहिया वाहनों की रही। वहीं, व्यापारिक वर्ग ने तिपहिया वाहनों में भी रुचि दिखाई। इसके अलावा, परिवारों ने नई कारों की डिलीवरी लेकर अक्षय तृतीया का पर्व मनाया।
जानकारी के अनुसार, जिले में अक्षय तृतीया के दिन करीब 320 दोपहिया वाहन बिके। इनमें स्कूटी, मोटरसाइकिल और इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर शामिल रहे। वहीं, लगभग 65 तिपहिया और करीब 135 कारें, एसयूवी और छोटे कमर्शियल वाहन ग्राहकों को डिलीवर किए गए। व्यापारियों का कहना है कि इस बार इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग में भी इजाफा हुआ। खासकर युवाओं और नौकरीपेशा लोगों ने इलेक्ट्रिक स्कूटर और छोटी इलेक्ट्रिक कारों में ज्यादा रुचि दिखाई। व्यापारियों ने ई-रिक्शा और लोडिंग तिपहिया वाहनों की खरीदारी को प्राथमिकता दी।
अक्षय तृतीया के दिन ग्राहकों की संख्या सामान्य दिनों से कई गुना अधिक रही। देर शाम तक शोरूम में लगातार भीड़ रही और सबसे ज्यादा मांग स्कूटी और बाइक की रही। -सुमित, मालिक, बाइक एजेंसी
कई ग्राहकों ने पहले ही बुकिंग कर रखी थी, लेकिन उन्होंने अक्षय तृतीया पर डिलीवरी लेना पसंद किया। एसयूवी और फैमिली कारों की अच्छी बिक्री हुई है। -संदीप अरोड़ा, मैनेजर, कार शोरूम
व्यापारिक वर्ग ने इस बार ई-रिक्शा और लोडिंग तिपहिया वाहनों की खरीदारी में ज्यादा रुचि दिखाई है। अक्षय तृतीया के मौके पर खरीदारों में खासा उत्साह देखा गया। -मुकेश यादव, ई-रिक्शा डीलर
पेट्रोल की बढ़ती कीमतों और कम खर्च के कारण लोग इलेक्ट्रिक वाहनों की ओर आकर्षित हो रहे हैं। इस बार भी रिकॉर्ड संख्या में लोगों ने ई-वाहनों को प्राथमिकता दी। -प्रियंका शर्मा, मैनेजर, ई-टू-व्हीलर एजेंसी