सेक्टर-56 में 350 किलोवाट सोलर प्लांट का उद्घाटन करेंगे सीएम
क्रॉसर...
-ताऊ देवीलाल स्टेडियम में सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक बिछेगा
-ऑप्टीकल फाइबर नेटवर्क का शिलान्यास करेंगे
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। मुख्यमंत्री मनोहर लाल आज शहर के कई कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। सीएम सेक्टर-56 स्थित देवेंद्र विहार में 350 किलोवाट क्षमता के सोलर पावर प्रोजेक्ट का उद्घाटन करेंगे। यह प्रोजेक्ट हरियाणा में किसी भी ग्रुुप हाउसिंग सोसायटी में लगा सबसे बड़ा सोलर पावर प्लांट है। इस ग्रिड कनेक्टेड रूफटॉप सोलर पॉवर प्लांट को 16 टॉवरों पर लगाया है। जिसे बिजली के 8 मीटरों से जोड़ा गया है। यह प्लांट एक वर्ष में लगभग 4 लाख 35 हजार यूनिट बिजली उत्पादन करेगा। इससे रिहायशी सोसायटी को प्रति वर्ष करीब 39 लाख रुपये की बचत होगी।
मुख्यमंत्री ताऊ देवीलाल स्टेडियम में सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक बिछाने के कार्य की आधारशिला रखेंगे। इसके अलावा पूरे शहर में ऑप्टीकल फाइबर नेटवर्क के कार्य का भी शिलान्यास करेंगे। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) स्टेडियम में 400 मीटर लंबाई की 10 लेन के सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक को बिछाएगा। इस पर लगभग 8 करोड़ रुपये खर्च होंगे। जीएमडीए द्वारा टेलीकॉम सेवाप्रदाता स्टरलाइट कंवर्जेंस लिमिटेड, इंडस टावर लिमिटेड, रिलायंस जीओ लिमिटेड व एटीएस टेलीकॉम इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड को गुरुग्राम के विभिन्न भागों में फाइबर केबल डालने का काम सौंपा गया है। यह कार्य पीपीपी मॉडल पर किया जाएगा।
..........