दुर्घटना: दो जगहों पर पलटी कारें, कोई हताहत नहीं
क्रॉसर...
- गोल्फ कोर्स रोड पर पलटी वैगनआर और जाइलो
- हाइवे पर कैंटर व स्कोडा गाड़ी का हुआ एक्सीडेंट
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। गोल्फ कोर्स रोड पर जहां दो गाड़ियां पलट गईं। वहीं, एक्सप्रेस-वे पर कैंटर और स्कोडा गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इन गाड़ियों में किसी भी व्यक्ति के हताहत होने की खबर नहीं है। इन मामलों की पुलिस के पास कोई सूचना भी नहीं है। जबकि दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेस-वे पर दुर्घटनाग्रस्त हुई गाड़ियों को एनएचएआई ने क्रेन के माध्यम से हटवा दिया।
जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह जेनपेक्ट चौक के पास एक तेज रफ्तार वैगनआर गाड़ी अचानक अपना संतुलन खो बैठी और पलट गई। गाड़ी में चालक ही अकेला बताया जा रहा है। इसके अलावा एक जाइलो गाड़ी भी जेनपेक्ट चौक के नजदीक ही असंतुलित होकर पलट गई। इन दोनों घटनाओं में किसी भी व्यक्ति को कोई चोट नहीं आई। सुशांत लोक थाना पुलिस को वैगनआर गाड़ी के पलटने की तो सूचना है, लेकिन जाइलो गाड़ी की दुर्घटना होने की कोई जानकारी नहीं है। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना में किसी भी व्यक्ति के घायल न होने पर चालक ने या किसी अन्य व्यक्ति ने कोई शिकायत पुलिस को नहीं दी है।
उधर, मंगलवार अल सुबह एक्सप्रेस-वे पर भी दो गाड़ियों के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली। एक्सप्रेस-वे पर एक कैंटर और एक स्कोडा गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इन घटनाओं की जानकारी पुलिस को नहीं है। उधर, दुर्घटना के कारण एक्सप्रेस-वे पर जाम लग गया, जिसे खुलवाने के लिए एनएचएआई ने क्रेन से इन गाड़ियों को साइड करवाया, जिसके बाद यहां यातायात सुचारू हो पाया।
------