गुरुग्राम। छठ पूजा के दौरान 15 व 16 नवंबर को कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गुरुग्राम पुलिस ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। पुलिस आयुक्त शिबास कबिराज के निर्देश पर लगभग तीन हजार पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। जिले में कुल 73 स्थानों पर छठ पूजा का आयोजन होगा, जिनमें पूर्वी जोन में 11, पश्चिमी जोन में 32, दक्षिणी जोन में 14 और मानेसर जोन में 16 स्थान शामिल हैं। संभावित भीड़ के मद्देनजर सभी पूजा स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात है। इसमें महिला पुलिसकर्मी और सादे कपड़ों में तैनात पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। ये पुलिसकर्मी संदिग्ध गतिविधियों और असामाजिक तत्वों पर विशेष निगरानी रखेंगे। यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए यातायात पुलिसकर्मियों की भी विशेष ड्यूटियां लगाई गई हैं। पुलिस आयुक्त शिबास कबिराज ने सभी श्रद्धालुओं को पर्व की शुभकामनाएं देते हुए शांति और सौहार्द से मनाने की अपील की है। ब्यूरो