फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कुल गंभीर मरीजों में से 3 फीसदी गुरुग्राम में

विज्ञापन
विज्ञापन
गुरुग्राम (पंकज मोहन मिश्रा)। पिछले 15 दिन में जांच में आई तेजी का जिले में सार्थक असर दिख रहा है। व्यापक स्तर पर हो रही जांच के चलते मरीजों की समय रहते पहचान हो पा रही है। उन्हें सही समय पर इलाज भी मिल रहा है। इससे वे गंभीर स्थिति में नहीं पहुंच रहे हैं। पिछले 15 दिन में 70 हजार से ज्यादा लोगों की कोविड जांच की गई है। इसके बाद प्रदेश के कुल गंभीर मरीजों में जिले की हिस्सेदारी महज 3 फीसदी पर आ गई है।
विज्ञापन

प्रशासन ने इन दिनों सामाजिक दूरी के पालन और मास्क की अनिवार्यता पर भी जोर दिया है। इसके चलते कोरोना संक्रमण रोकने में मदद मिल रही है। प्रदेश के अस्पतालों में इस समय कोरोना के कुल 369 गंभीर मरीज भर्ती हैं। इनमें से गुरुग्राम के अस्पतालों में महज 12 हैं। इस मामले में फरीदाबाद में हालात काफी खराब हैं। वहां के अस्पतालों में अब भी प्रदेश के कुल गंभीर मरीजों में से 33 फीसदी का इलाज चल रहा है। इस सूची में हिसार, पंचकूला और सोनीपत जिलों के नाम भी उल्लेखनीय हैं। वहां के अस्पतालों में भी गुरुग्राम से ज्यादा कोरोना संक्रमित उपचाराधीन हैं।
राज्य स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, प्रदेश के कुल 369 गंभीर मरीजों में से 321 ऑक्सीजन सपोर्ट व 48 वेंटिलेटर पर हैं। इनमें से 121 मरीजों का फरीदाबाद में इलाज चल रहा है। 19 मरीज वेंटिलेटर पर हैं। गुरुग्राम के अस्पतालों में 6 मरीज वेंटिलेटर और 6 ऑक्सीजन सपोर्ट पर हैं।
विज्ञापन

15 दिन में 1,13,324 लोगों की जांच
जिले में पिछले 15 दिन में 1 लाख, 13 हजार, 324 लोगों की कोविड जांच की गई है। 28 नवंबर को तो अब तक की एक दिन में रिकॉर्ड 25101 लोगों की कोविड जांच की गई। 19 नवंबर तक जिले में 4 लाख, 25 हजार, 846 लोगों की कोविड जांच की जा चुकी थी। अगले 15 दिन में हुई जांच के बाद 4 दिसंबर को यह संख्या बढ़कर 5 लाख, 39 हजार, 170 पहुंच गई।
इन जिलों के अस्पतालों में सबसे ज्यादा मरीज
अस्पताल कुल गंभीर मरीज
बीपीएसजीएमसी, सोनीपत 33
एमएएमसी, हिसार 48
ईएसआई अस्पताल, फरीदाबाद 40
मेट्रो अस्पताल, फरीदाबाद 35
क्यूआरजी सेंट्रल, फरीदाबाद 18
क्यूआरजी मेडिकेयर, फरीदाबाद 11
सर्वोदय अस्पताल, फरीदाबाद 5
पार्क अस्पताल, फरीदाबाद 3
एस्कॉर्ट अस्पताल, फरीदाबाद 3
एशियन अस्पताल, फरीदाबाद 6
गुरुग्राम में कहां कितने गंभीर
अस्पताल गंभीर मरीज
मेदांता 2
फोर्टिस 6
नारायणा 4
बढ़ाई गई हैं जांच
कोरोना को रोकने के लिए कुछ दिन में कोविड जांच की संख्या को काफी बढ़ा दिया गया है। लोगों से अपील है कि मास्क पहनने व सामाजिक दूरी का पालन करने के साथ ही कोरोना से बचाव के अन्य मानकों का पालन करें, ताकि संक्रमण का फैलाव रोकने में मदद मिले।
- डॉ. वीरेंद्र यादव, सीएमओ, गुरुग्राम
गुरुग्राम में जिस तेजी से कोविड जांच चल रही है, वह अन्य प्रदेशों के लिए अनुकरणीय है। मरीजों की पहचान जल्दी होेने से इलाज भी जल्दी शुरू हो रहा है। यही वजह है कि उनकी स्थिति गंभीर होने की नौबत नहीं आ रही है।
- डॉ. मनोज गोयल, डायरेक्टर, पल्मोनोलॉजी, फोर्टिस अस्पताल
हिसार, पंचकूला और सोनीपत की हालत खराब
गंभीर मरीजों के मामले में हिसार, सोनीपत व पंचकूला जिलों की हालत ठीक नहीं है। प्रदेश के कुल गंभीर मरीजों में से हिसार में 48, सोनीपत में 33 व पंचकूला के अस्पतालों में 52 संक्रमितों का इलाज चल रहा है। इन चारों जिलों के अलावा नूंह, रोहतक, कुरुक्षेत्र, झज्जर व करनाल जिलों के अस्पतालों में ही कोरोना के गंभीर मरीजों का इलाज चल रहा है। अब तक प्रदेश में कोरोना से 2564 मरीजों की मौत हो चुकी है। इनमें से गुरुग्राम में 314 और फरीदाबाद में 360 मरीजों की मौत हुई है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें