-पहले निवेश करने पर दिया अच्छे रिटर्न, बाद में चुनाव का हवाला देकर पैसे रोक
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। साइबर ठगों ने शेयर बाजार में निवेश करने पर अच्छे मुनाफे का झांसा देकर एक व्यक्ति से करीब 3.1 करोड़ रुपये ठग लिए। पीड़ित को ठगों ने पहले मुनाफा देकर जाल में फंसाया। फिर चुनाव का हवाला देकर पैसे रोक लिए। शिकायत पर साइबर थाना वेस्ट की पुलिस ने विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
सेक्टर-22 निवासी केतन जग्गी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शेयर बाजार में निवेश के नाम पर उसके साथ धोखाधड़ी हुई है। पीड़ित का कहना है कि ठगों ने करीब 3.1 करोड़ रुपये ठग लिए। पीड़ित के अनुसार शेयर बाजार में निवेश के लिए इंस्टाग्राम पर एक विज्ञापन देखा और 2 फरवरी को निमंत्रण स्वीकार कर लिया। पीड़ित ने एप वीई-प्रो के निर्देशों का पालन किया और ग्रुप में लेनदेन देखा। इसमें शेयर बाजार में पैसा लगाने और कमाने वाले अन्य लोगों से भी पूछताछ की। सेबी पंजीकरण संख्या की जांच भी की। लगभग एक महीने तक मूल्यांकन और अवलोकन करने के बाद 50,000 रुपये निवेश कर दिए। इस पैसे पर मुनाफा मिलने पर शेयर बाजार पर विश्वास हुआ कि यह वैध है और आगे का लेनदेन किया। पीड़ित ने वैधता जानने के लिए कुछ राशि भी निकाली और 24 घंटे में राशि प्राप्त हो गई। इसके बाद विभिन्न खातों से करीब 2.60 करोड़ निवेश कर दिए। पीड़ित का कहना है कि जब लाभ की राशि 6 करोड़ तक पहुंच गई तो मूल निवेश वापस लेना चाहा। 15 अप्रैल को 1.5 करोड़ की निकासी का अनुरोध किया लेकिन निकासी को मंजूरी नहीं दी गई। ठगों ने बताया कि चुनाव के कारण अभी पैसा नहीं मिलेगा। इस पर पीड़ित को शक हो गया और धोखाधड़ी का अहसास हुआ। शिकायत पर मंगलवार को साइबर क्राइम वेस्ट थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
-
धोखे से 98 हजार रुपये किए ट्रांसफर
गुरुग्राम। बलिया निवासी प्रिंस कुमार वर्मा बेगमपुर खटोला में किराये पर रहते हैं। 13 अप्रैल को गांव जाने के लिए इफको चौक मेट्रो स्टेशन के पास खड़े थे। शाम करीब 3:15 बजे दो लड़के आए और कहने लगे कि बैंक खाते में रुपये हैं तो 15000 रुपये ट्रांसफर कर दो और कैश ले लो। दोनों ने कहा कि पैसा किसी को ट्रांसफर करना है। पीड़ित ने विश्वास करके फोन पे से रुपये ट्रांसफर करने चाहे तो ट्रांसफर नहीं हुए। आरोपियों ने फोन पे का पासवर्ड देख लिया। तभी एक युवक ने विश्वास में लेकर धोखे से फोन ले लिया और कहने लगा कि रुपये ट्रांसफर कर लेता हूं। आरोपियों ने 43000 रुपये व 55000 रुपये ट्रांसफर कर लिए। डीएलएफ सेक्टर 29 थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।