गुरुग्राम। सेक्टर-14 मार्केट में बिना लाइसेंस पटाखे बेचने के आरोप में पुलिस ने तीन लोगों को पकड़ा है। पुलिस ने तीनों के कब्जे से पटाखों के कई पैकेट बरामद किए हैं। आरोपियों की पहचान चंद्रशेखर, रवि यादव और पवन कुमार के रूप में हुई है।
चंद्रशेखर सेक्टर-12 का निवासी है। रवि यादव एकता एन्क्लेव का रहने वाला है। पवन कुमार नई दिल्ली का निवासी है। सेक्टर-14 थाना पुलिस ने इनके खिलाफ मामला दर्ज किया है। 26 अक्तूबर को गश्त के दौरान पुलिस टीमों को सूचना मिली थी। सूचना थी कि सेक्टर-14 मार्केट में कुछ लोग बिना अनुमति पटाखे बेच रहे हैं। चंद्रशेखर डोमिनोज पिज्जा के पास पटाखे बेच रहा था। रवि यादव ओम स्वीट्स के नजदीक स्टॉल लगाए था। पवन कुमार स्नेहा आउटलेट फैशन क्लोदिंग दुकान के सामने पटाखे बेच रहा था। पुलिस ने सूचना के आधार पर तीनों को मौके से पकड़ा। पुलिस ने आरोपियों के पास से रॉकेट, अनार, चकरी, फुलझड़ी और स्काई शॉट बरामद किए। विभिन्न प्रकार के बम और अन्य आतिशबाजी भी मिली। लाइसेंस और परमिट मांगने पर आरोपी कोई दस्तावेज पेश नहीं कर सके। पुलिस के अनुसार, तीनों पर जिला मजिस्ट्रेट के आदेशों की अवहेलना कर पटाखे बेचने का आरोप है। संवाद