गुरुग्राम। पुलिस ने फर्जी ई-चालान धोखाधड़ी मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों ने साइबर अपराधियों को बैंक खाते उपलब्ध कराए थे, जिनके जरिये ठगी की रकम प्राप्त की गई। तीनों को मध्य प्रदेश के ग्वालियर से 18 अक्तूबर को पकड़ा गया।
यह मामला 24 सितंबर 2026 को साइबर क्राइम थाना वेस्ट में दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता को 21 सितंबर 2026 को एक अज्ञात नंबर से संदेश मिला था। इसमें उसकी कार के चालान का भुगतान लंबित होने की बात कही गई थी। उसे तुरंत भुगतान के लिए एक लिंक भी भेजा गया था। शिकायतकर्ता ने लिंक पर क्लिक कर अपनी जानकारी भरी। इसके बाद 22 सितंबर 2026 को उसके बैंक खाते से 1 लाख 35 हजार रुपये की धोखाधड़ी हुई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अभियोग अंकित किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोहित (20), कृष्णा (20) और धीरज (25) के रूप में हुई है। ये सभी मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के निवासी हैं। पुलिस पूछताछ में पता चला कि इन्होंने साइबर अपराधियों को बैंक खाते उपलब्ध कराए थे। शिकायतकर्ता के 70 हजार रुपये इन्हीं खातों में आए थे। इस काम के लिए उन्हें 7.5 हजार रुपये मिले थे। ब्यूरो