गुरुग्राम। कोरोना की दूसरी लहर में जिले में व्यापक स्तर पर केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी आयुष्मान भारत योजना (पीएम -जय) का लाभ उठाया है। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक योजना की शुरुआत से अब तक के कुल लाभार्थियों में से 45 फीसदी मरीजों का कोरोना की दूसरी लहर में इलाज हुआ है। 31 दिसंबर तक जिले में योजना के तहत 3466 लोगों का इलाज हुआ था, लेकिन अब लाभार्थियों की संख्या बढ़कर 6299 तक पहुंच चुकी है।
वहीं, नए लाभार्थियों की बात करें तो पिछले 6 माह में महज 4336 लोगों के ही नए गोल्डन कार्ड बनाए गए हैं। योजना के तहत लाभार्थियों के इलाज पर शासन ने पिछले तीन साल में जितना खर्च किया था, उससे ज्यादा कोरोना की दूसरी लहर में ही खर्च हो गया है। 31 दिसंबर तक जिले में 3466 मरीजों के इलाज पर कुल 2 करोड़ 39 लाख रुपये से ज्यादा खर्च हुए थे जब कि अगले 6 माह में 2833 मरीजों के इलाज पर 3 करोड़ 60 लाख से ज्यादा की धनराशि खर्च की गई है। इसमें से निजी अस्पतालों में सर्वाधिक मरीजों का इलाज किया गया है। 31 दिसंबर तक निजी अस्पतालों में 2480 मरीजों का इलाज किया गया था, लेकिन अगले 6 माह में यह आंकड़ा बढ़कर 4993 पर पहुंच गया।
पिछले 6 माह के आंकड़े :
योजना के तहत इतने कार्ड बने - 4336
इतने मरीजों का हुआ इलाज - 2833
शासकीय अस्पतालों में इलाज - 306
निजी अस्पतालों में इलाज - 2513
इलाज में खर्च धनराशि - 30608391
योजना के समग्र आंकड़े एक नजर में :
योजना से जुड़े कुल अस्पताल - 34
योजना से जुड़े निजी अस्पताल - 23
योजना से जुड़े शासकीय अस्पताल - 23
कुल लाभार्थी परिवार - 86773
योजना के तहत पात्र लाभार्थी - 358601
इतने परिवारों का बना कार्ड - 29081
इतने लोगों का बना कार्ड - 90330
इतने लोगों ने कराया इलाज - 6299
इलाज में अब तक इतने हुए खर्च - 54563114
कोरोना काल में व्यापक स्तर पर लोगों को आयुष्मान भारत योजना का लाभ मिला है। लोगों से अपील है कि जो भी योजना के तहत पात्र हैं, वह गोल्डन कार्ड अवश्य बनवाएं और योजना का लाभ लें।
- डॉ. नरेश गर्ग, नोडल अधिकारी, आयुष्मान भारत योजना, गुरुग्राम।