फेसबुक पर जानकार बनकर वारदात को दिया अंजाम
दो बैंक खातों से सात बार में जालसाज को ट्रांसफर किए रुपये
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। जालसाज ने एयरपोर्ट पर इमिग्रेशन में फंसे होने की बात कहकर युवक से 2.81 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए। जालसाज ने फेसबुक पर जानकार बनकर वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित युवक की शिकायत पर पुलिस ने साइबर अपराध थाना पश्चिम में एफआईआर दर्ज की है।
गाजीपुर (उत्तर प्रदेश) के बल्लीपुर गांव निवासी कुंदन राजभर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह गुरुग्राम के सेक्टर-18 में रहता है। 22 अक्तूबर को एक अनजान व्यक्ति ने उससे फेसबुक पर संपर्क किया। उस व्यक्ति ने कुंदन से कहा कि वह एयरपोर्ट में इमिग्रेशन में फंसा है और उसे इमरजेंसी में रुपये चाहिए। जालसाज की बातों में आकर कुंदन ने अपने एचडीएफसी बैंक खाते से पांच बार में 1.97 लाख रुपये और यूनियन बैंक खाते से दो बार में 84 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। रुपये ट्रांसफर होने के बाद फेसबुक पर संपर्क करने वाले व्यक्ति ने कुंदन से बात नहीं की तो उन्हें अपने साथ ठगी होने का अहसास हुआ। पीड़ित कुंदन ने हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करके ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।