गुरुग्राम। सरकार की तरफ से किए गए लॉकडाउन, प्रशासन की सख्ती व लोगों के सहयोग के चलते अब जिले में कोरोना संक्रमण का प्रकोप धीरे-धीरे कम हो रहा है। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़े इस बात की पुष्टि कर रहे हैं। इसी क्रम में लगातार पांचवें दिन बुधवार को एक दिन में आने वाले नए मरीजों के मुकाबले संक्रमण को मात देकर स्वस्थ होने वालों की संख्या ज्यादा रही। बुधवार को 2747 नए मरीज आए तो 3960 संक्रमितों को स्वस्थ घोषित किया गया। बुधवार को संक्रमण के चलते 9 मरीजों की मौत भी हुई, जो पिछले 10 दिन की न्यूनतम संख्या है।
इससे पहले 2 मई को भी 9 मरीजों की मौत हुई थी। इसके बाद लगातार मृतकों का आंकड़ा बढ़ रहा था। 2747 नए मरीज आने के बाद अब कुल संक्रमितों का आंकड़ा 1 लाख 64 हजार 657 पर पहुंच गया है, जिसमें से 32895 मरीज जिले में सक्रिय हैं। वहीं 1 लाख 31 हजार 141 संक्रमित अब तक स्वस्थ हो चुके हैं। वहीं, 9 मरीजों की मौत के साथ ही मृतकों का आंकड़ा अब बढ़कर 621 पर पहुंच चुका है, जिसमें से 432 मरीज पहले से किसी न किसी बीमारी से पीड़ित थे तो 189 में कोई गंभीर बीमारी नहीं थी। अब जिले के अस्पतालों में 2347 मरीज उपचाराधीन हैं, जबकि कोविड केयर सेंटर में 96 मरीजों का इलाज चल रहा है। साथ ही 30452 संक्रमित होम आइसोलेशन में हैं। बुधवार को जिले में 11042 लोगों ने कोरोना की जांच के लिए नमूने दिए, जिसमें से 4289 ने रैपिड एंटीजन जांच व 6753 मरीजों ने आरटी-पीसीआर जांच के लिए नमूने दिए। अभी 2512 लोगों की जांच रिपोर्ट लंबित है।