सीसीटीवी सर्विलांस प्रोजेक्ट के लिए सलाहकार की सेवाएं लेगा जीएमडीए
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सीसीटीवी सर्विलांस प्रोजेक्ट के तहत जिले में 2,722 सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। जीएमडीए इस परियोजना के देखरेख और जांच के लिए सलाहकार एजेंसी रखने जा रहा है। इसके लिए टेंडर जारी किया गया है।
जिले की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) दूसरे फेज में न्यू गुरुग्राम और द्वारका एक्सप्रेसवे समेत अन्य 258 स्थानों पर 2,722 सीसीटीवी कैमरे लगवाने की योजना पर काम कर रहा है। करीब 109 करोड़ की परियोजना में सीसीटीवी कैमरे, स्पीड कैमरे, ऑटोमेटिक नंबर-प्लेट रिकॉग्निशन कैमरे (एएनपीआर) और रेड लाइट वॉयलेशन डिटेक्शन कैमरे (आरएलवीडी) शामिल होंगे।
इस परियोजना में सोहना, बादशाहपुर, पटौदी, फर्रुखनगर, धनकोट, चंदू बुढ़ेरा, पंचगांव, बिलासपुर, हैलीमंडी, द्वारका एक्सप्रेसवे (सेक्टर-89 से 108), केएमपी एक्सप्रेसवे (बादली, फर्रुखनगर, पटौदी और मानेसर), सेंट्रल पेरिफेरल एक्सप्रेसवे और टोल को कवर करने वाले क्षेत्र शामिल हैं। जीएमडीए के इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आईसीसीसी) से जोड़ने के लिए लगभग 300 किलोमीटर अतिरिक्त भूमिगत ऑप्टिकल फाइबर केबल बिछाने की भी योजना है। इस परियोजना पर ठेकेदार ने काम शुरू कर दिया है। पूरे कार्य पर नजर रखने के लिए जीएमडीए सलाहकार एजेंसी रखने जा रहा है। एजेंसी सीसीटीवी परियोजना के परीक्षण समेत अन्य कार्याें में जीएमडीए की मदद करेगी।
जीएमडीए में स्मार्ट सिटी परियोजना प्रभारी पीके अग्रवाल ने बताया कि दूसरे चरण में सीसीटीवी कैमरे लगाने की योजना पर काम चल रहा है।