सेक्टर-70 ए स्थित बीपीटीपी एस्टेयर गार्डन सोसाइटी के निवासियों प्रशासन से लगाई गुहार
नंबर गेम - 80 हजार रुपये हर रोज टैंकर पर कर रहे हैं खर्च
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। सेक्टर-70ए स्थित बीपीटीपी एस्टेयर गार्डन सोसाइटी के निवासियों ने जीएमडीए को पत्र लिखकर इलाके में चल रहे जल संकट के शीघ्र समाधान की मांग की है। आरडब्ल्यूए ने निवासियों की ओर से लिखे पत्र में कहा है कि सेक्टर-70ए में करीब 2500 परिवार रहते हैं। पिछले एक साल से इनके लिए काफी कम पानी की आपूर्ति जीएमडीए कर रहा है।
सोसाइटी में 650 से 700 किलोलीटर (केएलडी) पानी की जरूरत है मगर एक सितंबर से एक अक्तूबर तक यहां 461 केएलडी पानी की आपूर्ति प्रतिदिन हुई है। पिछले दो महीने में 10 बार एक या दो दिन के लिए पानी की आपूर्ति पूरी तरह बंद भी रही है। पानी की कमी की पूर्ति के लिए प्रतिदिन लोगों ने 80 हजार रुपये खर्च कर रहे हैं। टैंकर वाले पानी की गुणवत्ता का भी पता नहीं होता है। कई बार यह पानी हाई टीडीएस होता है। लोग बीमार पड़ रहे हैं।
लोगों ने सोसाइटी में 700 केएलडी पानी की आपूर्ति अनिवार्य रूप से करने की मांग की है। साथ ही यह भी कहा है कि अगर प्रशासन मौजूदा इंफ्रास्ट्रक्चर को बेहतर कर लोगों को जरूरत के अनुसार पानी उपलब्ध नहीं कराएंगे तो लोग विरोध प्रदर्शन को विवश होंगे।
वर्जन
सेक्टर-70 ए में रहने वाले 2500 परिवारों को पानी का काम टैंकर खरीदकर चलाना पड़ रहा है। जीएमडीए पिछले एक साल से काफी कम पानी की आपूर्ति कर रहा है। टैंकर से पानी खरीदना आर्थिक परेशानी का भी सबब है और लोग बीमार भी पड़ रहे हैं। - आरूणि शुक्ला, आरडब्ल्यूए महासचिव
प्रशासन से गुहार लगाकर थक चुके हैं। 18 अगस्त से नौ अक्तूबर के बीच पानी की आपूर्ति बाधित होने की 10 शिकायतें हमने की हैं। अगस्त 2024 से ही यह दिक्कत आ रही है। मुख्यमंत्री से हम लोग इंफ्रास्ट्रक्चर बेहतर करने की मांग करते हैं। - जसवंत राव, आरडब्ल्यूए अध्यक्ष