चालकों पर लगाया 19.92 लाख रुपये जुर्माना, लाइन बदलने को लेकर की गई कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। वाहन चालकों द्वारा लाइन बदलने को लेकर की कार्रवाई में बीते 28 दिनों में यातायात पुलिस ने 2,323 वाहनों के चालान काटे हैं। पुलिस ने वाहन चालकों पर 19,92,500 रुपये जुर्माना लगाया है। दिल्ली-जयपुर हाईवे, द्वारका एक्सप्रेसवे और गुरुग्राम-सोहना हाईवे पर लाइन बदलने को लेकर यातायात पुलिस द्वारा सख्ती से कार्रवाई की जा रही है।
यातायात पुलिस ने 1 जनवरी से 28 जनवरी तक लेन ड्राइविंग सुनिश्चित कराने के लिए गलत लेन में वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। पुलिस द्वारा सही लेन में ड्राईविंग नहीं करने वाले वाहन चालकों की मॉनिटरिंग की गई। लेन ड्राईविंग की अवहेलना करने वाले 2,323 वाहनों के चालान काटे गए। पुलिस द्वारा भविष्य में भी लेन ड्राइविंग के चालान काटे जाएंगे।
गलत लेन में वाहन चलाने से हाईवे व एक्सप्रेसवे पर दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है। ऐसे में गलत लेन में वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चालान काटे जा रहे हैं। ट्रक यूनियन प्रधान व चालकों को नियमानुसार लेन ड्राइविंग के बारे में भी जागरूक किया जाता है।
- सत्यपाल यादव, सहायक पुलिस आयुक्त (यातायात मुख्यालय/हाईवे), गुरुग्राम।