नगर निगम आयुक्त की अध्यक्षता में एडहॉक कमेटी की बैठक आयोजित
अमर उजाला ब्यूरो
पटौदी। मंगलवार को नगर परिषद पटौदी मंडी की वार्डबंदी का ड्राफ्ट तैयार किया गया है। इसमें 22 वार्ड बनाए गए हैं। यह ड्राफ्ट मंजूरी के लिए चंडीगढ़ भेज दिया गया है।
नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त डॉ. नरहरि सिंह बांगड़ की अध्यक्षता में मंगलवार को आयोजित एडहॉक कमेटी की बैठक में फाइनल ड्राफ्ट पर सहमति बनी। समिति के सभी सदस्यों ने हस्ताक्षर कर इसे मंजूरी के लिए चंडीगढ़ भेजने की सहमति जताई । नगर परिषद पटौदी मंडी में कुल 22 वार्ड बनाए गए हैं।
बैठक में बताया गया कि वार्डबंदी के लिए गठित एडहॉक कमेटी के सदस्यों के दिए गए सुझाव व आपत्तियों का समाधान करते हुए वार्डबंदी का खाका तैयार किया गया। फाइनल ड्राफ्ट की मंजूरी के लिए मंगलवार को ही इसे चंडीगढ़ भेज दिया गया। बैठक में बताया गया कि प्रत्येक वार्ड में 2790 औसतन जनसंख्या है।
बैठक में पटौदी के एसडीएम संदीप अग्रवाल, नगर निगम गुरुगाम के संयुक्त आयुक्त संजीव सिंगला, नगर परिषद पटौदी मंडी के कार्यकारी अधिकारी सुशील भुक्कल, पटौदी नगर पालिका के पूर्व चेयरमैन चंद्रभान सहगल, हेलीमंडी नगर पालिका के पूर्व चेयरमैन सुरेश कुमार, पूर्व पार्षद कैलाश, जर्मन सैनी व गुलनाज उपस्थित थे।