कॉलेजों में पौधरोपण कर होगा नए सत्र का शुभारंभ
-पर्यावरण संरक्षण को बनाई गई योजना
- नए छात्रों को पर्यावरण से जोड़ने की मुहिम
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। कॉलेजों में नए सत्र के शुभारंभ के साथ ही कॉलेज परिसर को हरा-भरा बनाया जाएगा। दाखिला लेने वाले छात्र पहले दिन पौधे लगाकर हरियाली बढ़ाते नजर आएंगे। छात्रों को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने और कॉलेजों में हरियाली का ग्राफ बढ़ाने के लिए यह योजना बनाई गई है।
कॉलेजों में फिलहाल बची हुई सीटों पर दाखिला प्रक्रिया जारी है। अगले सप्ताह से कक्षाएं शुरू कर दी जाएंगी। दाखिला प्रक्रिया के साथ ही नए सत्र की तैयारियां भी जारी हैं। छात्रों का लेसन प्लान हो, टाइम टेबल या फिर ओरिएंटेशन कार्यक्रम हो, सभी को लेकर योजना तैयार हो चुकी है।
पहले वर्ष के छात्र करेंगे पौधरोपण
सेक्टर-14 स्थित राजकीय कन्या महाविद्यालय में सत्र की शुरुआत दो दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम से की जाएगी। पहले दिन जहां छात्राओं को कॉलेज की गतिविधियों, शैक्षणिक सत्र, नियम-कायदों की जानकारी दी जाएगी। वहीं दूसरे दिन कॉलेज परिसर की दौरा कराया जाएगा। इसी के साथ नई छात्राएं परिसर में पौधे लगाएंगी।
पर्यावरण संरक्षण के लिए की गई पहल
कॉलेज में हर साल मौसम के हिसाब से पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, लेकिन इस बार मानसून में पर्यावरण संरक्षण के लिए नए सत्र में नए छात्रों के हाथों पौधे लगाने का फैसला लिया गया है। छात्रों को कॉलेज में प्रवेश के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश मिले और वो पर्यावरण को लेकर सजग बनें यही उद्देश्य है। इसके तहत परिसर में सजावटी पौधे लगाए जाएंगे। हेली मंडी कॉलेज के प्रधानाचार्य सुरेश धनेरवाल ने बताया कि छात्रों को पर्यावरण से जोड़ने के लिए पौधरोपण की योजना बनाई है।