सेक्टर-39/46 डिवाइडिंग रोड पर 750 और 900 एमएम की सीवर लाइन का होगा पुनर्वास
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सेक्टर-39/46 डिवाइडिंग रोड पर करीब 20 साल पुरानी मास्टर सीवर लाइन की मरम्मत का काम जल्द शुरू होगा। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) ने इसके लिए एक एजेंसी नियुक्त की है। यह लाइन जर्जर होने से सीवर के पानी का रिसाव और सड़क धंसने जैसी समस्याएं आ रही थीं। जीएमडीए ने लाइन का पुनर्वास कराने की योजना बनाई है। इस कार्य पर करीब 8.20 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
योजना के तहत 750 और 900 एमएम व्यास की करीब 1.5 किलोमीटर लंबी सीवर लाइन की सफाई और मरम्मत की जाएगी। जीएमडीए के कार्यकारी अभियंता भीम आर्य ने बताया कि मरम्मत मशीन वाउंड स्पाइरल लाइनिंग (एमडब्ल्यूएसएल) तकनीक से होगी। इस तकनीक में पुरानी लाइन को बदलने के लिए सड़क की खुदाई नहीं करनी पड़ती। मैनहोल के रास्ते मशीन से पाइपलाइन के अंदर विशेष लाइनिंग तैयार की जाती है, जिससे लीकेज की समस्या दूर होती है।