मानेसर/गुरुग्राम। जयपुर-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-48 पर नए साल में रफ्तार ने दो लोगों की जान ले ली। दो अलग-अलग हादसों में बाइक व कार सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि महिला व युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। मानेसर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। थाना प्रभारी के मुताबिक, घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी फुटेज के आधार पर गाड़ियों की पहचान में जुटी है।
नए साल की सुबह करीब 5 बजे पहला हादसा एनएच-48 स्थित मानेसर गांव के फ्लाईओवर पर हुआ। जयपुर निवासी रईस खान (50) अपनी पत्नी व बेटे के साथ महिंद्रा एक्सयूवी कार में सवार होकर दिल्ली जा रहे थे। फ्लाईओवर के ऊपर पीछे से आ रही वाहन ने साइड से निकलने के चक्कर में रईस खान की कार को टक्कर मार दी।
गति अधिक होने की वजह से रईस खान की गाड़ी अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर फ्लाईओवर के नीचे गिर गई। जिसमें गाड़ी के नीचे दबने से रईस खान की मौत हो गई। हादसे के बाद काफी संख्या में लोग मदद के लिए दौड़े। लोगों ने दंपती को गाड़ी से निकालकर पुलिस को सूचित किया। सूचना के बाद मानेसर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और सभी को अस्पताल में दाखिल कराया। जहां डॉक्टरों ने रईस खान को मृत घोषित कर दिया। जबकि उनकी पत्नी व बेटे की हालत गंभीर बनी हुई है। चश्मदीदों की मानें तो फ्लाईओवर से नीचे गिरने से पहले रईस खान की सीट की तरफ का दरवाजा खुल गया और वह गाड़ी से नीचे लटक गए। इस दौरान गाड़ी के पलटने से वह नीचे दब गए, जिसमें उसकी मौत हो गई।