गुरुग्राम। आरडी सिटी में कैशियर की आंखों में मिर्च झोंककर साढ़े चार लाख रुपये की लूट करने वाले आरोपी पुलिस की आंखों में धूल नहीं झोंक पाए। वारदात में शामिल दो आरोपी 24 घंटे में ही पकड़े गए। दोनों से लूट के 2.35 लाख रुपये भी बरामद हुए हैं। पुलिस दोनों आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर अन्य का पता लगाने का प्रयास करेगी।
सेक्टर-53 स्थित आरडी सिटी के गेट नंबर चार पर बुधवार को बाइक सवार कैश मैनेजमेंट सर्विस के कैशियर जितेंद्र कुमार की आंखों में मिर्ची पाउडर डालकर बदमाश साढ़े चार लाख रुपये से भरा बैग लूट ले गए थे। पुलिस ने मौके पर पहुंच आसपास खूब तलाश किया लेकिन व हाथ नहीं लगे। जितेंद्र ने सेक्टर-53 में मामला दर्ज कराया था। बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए क्राइम ब्रांच की टीमों को लगाया गया था। अपराध शाखा सेक्टर-40 पुलिस की टीम ने 24 घंटे में ही वारदात में शामिल दो आरोपियों को पकड़कर घटना का खुलासा कर दिया है।
टीम ने बताया कि बृहस्पतिवार को उन्हें सूचना मिली कि कैशियर से लूट करने वाले दो बदमाश गांव वजीराबाद में छुपे हैं। मौके पर जाकर दोनों को दबोच लिया। इनसे लूट के 2.35 लाख रुपये भी बरामद किए हैं। पूछताछ में इन्होंने अपना नाम चेतराम निवासी रामगढ़, राजस्थान व रमाकांत निवासी दरभंगा, बिहार बताया है। दोनों को शनिवार को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। इनके साथियों के नाम, अन्य वारदात आदि की जानकारी ली जाएंगी।
कैशियर की कंपनी में ही काम करता है आरोपी
पुलिस पूछताछ में पता चला है कि पकड़े गए दो आरोपियों में से चेतराम पीड़ित कैशियर की कंपनी में ही काम करता है। कैशियर के कैश लाने के रूटीन के बारे में उसे पता रहता था। उसने अपने अन्य दो साथियों के साथ मिलकर कैशियर से लूट की योजना बनाई थी। मोटर साइकिल पर सवार होकर आए तीनों आरोपियों ने बाइक सवार कैशियर जितेंद्र को साइड में आकर जोरदार धक्का दिया। इससे वह बाइक सहित नीचे गिर गया। उसका हेलमेट भी सिर से निकलकर सड़क पर गिर गया। तभी आरोपियों ने लाल मिर्च का पाउडर उसके मुंह पर फेंक दिया। आंखों में मिर्च लगने के बाद जितेंद्र दर्द से तड़पने लगा और आरोपी उसकी पीठ पर से कैश से भरा बैग छीन ले गए।