गुरुग्राम। शहर के बुजुर्गों के बीच डाकघर की वरिष्ठ नागरिक बचत योजना तेजी से लोकप्रिय हो रही है। सुरक्षित निवेश, बेहतर ब्याज दर और सरकारी गारंटी के चलते बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक इस योजना से जुड़ रहे हैं। मौजूदा वित्तीय वर्ष में अप्रैल से दिसंबर तक जिले में कुल 1939 वरिष्ठ नागरिकों ने इस योजना के तहत निवेश किया है। आंकड़ों के अनुसार, अक्तूबर में 223, नवंबर में 191 और दिसंबर में 290 वरिष्ठ नागरिकों ने इस योजना में निवेश किया। डाक विभाग के मुताबिक, इस योजना में 8.2 प्रतिशत की आकर्षक ब्याज दर दी जा रही है, जो बाजार के उतार-चढ़ाव से पूरी तरह सुरक्षित है। निवेश की राशि एक हजार रुपये से लेकर अधिकतम 30 लाख रुपये तक रखी जा सकती है। यह योजना पांच वर्षों के लिए होती है, जिसे जरूरत पड़ने पर तीन वर्ष के लिए और बढ़ाया जा सकता है। संवाद