नए साल के जश्न के लिए आज सजेगी महफिल
शहर के पब-बार, होटल और रेस्टोरेंट, रिजॉर्ट में चलेगी पार्टियां, तैयारी हुई पूरी
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। नए साल के जश्न के लिए साइबर साइबर सिटी में उल्टी गिनती शुरू हो गई है। इस बार पंजाबी सितारों के साथ शहर में जश्न के लिए पब-बार, होटलों और रेस्टोरेंट, रिजॉर्ट में पार्टियां चलेगी। सोमवार को नए साल पर होने वाले जश्र को लेकर आयोजनों ने तैयारियां पूरी कर ली है जिसमें दिल्ली-एनसीआर के अलावा विदेशों से भी लोग पहुंचने की उम्मीद है।
साइबर सिटी में नए साल के जश्र को लेकर पूरे दिल्ली-एनसीआर के युवाओं में क्रेज रहता है। इसे देखते हुए शहर के पब-बार, होटल और रेस्टोरेंट संचालक इस मौके को भुनाने के लिए एक से बढ़कर एक कार्यक्रम का आयोजन करने लगे है। 31 दिसंबर की शाम से महफिल सज जाएगी। जगह-जगह पर लोगों की बुकिंग का सिलसिला जारी है। रेस्तरां, होटल और रिसॉर्ट में स्पेशल डीजे फ्लोर के साथ कॉकटेल पार्टी का प्रबंध किया जा रहा है।
इस बार करीब 200 से अधिक जगहों पर नए साल के जश्र की पार्टी होगी। इन पार्टियों में थीम पार्टी के साथ ड्रेस कोड भी रखा गया है। इनमें डीजे, डांस के साथ देश-विदेश के लजीज खानों का भी बंदोबस्त किया जा रहा है। इन पार्टियों के लिए सिंगल और कपल एंट्री के लिए 600 रुपये, 1200 रुपये लेकर 27 हजार रुपये तक शुल्क रखा गया है। एमजी रोड स्थित इग्नाइट पब एंड बार विजय कुमार के मुताबिक सुरक्षा दिशानिर्देशों को ध्यान में रखते हुए युवाओं के लिए डीजे नाइट का इंतजाम किया है। सेक्टर-29 स्थित आफ्टर स्टोरी रेस्ट्रो बार के संचालक के मुताबिक कपल एंट्री के लिए खाने-पीने का विशेष इंतजाम रखा गया है। टेबल पर एडवांस बुकिंग की जा रही है।
पंजाबी स्टार की भरमार
नए साल के जश्न को लेकर इस बार साइबर सिटी में पंजाबी स्टारों की भरमार है। सेक्टर-29 जिमखाना क्लब में कार्यक्रम की आयोजक संगीता बिश्नोई ने बताया कि नए साल के जश्न में पंजाबी गानों के बादशाह कहे जाने वाले कुलविंदर बिल्ला का विशेष कार्यक्रम रखा गया है। इसके अलावा केओडी में पंजाबी अभिनेत्री धृति सहारन और काला चश्मा फेम गायक इंदीप बख्शी भी युवाओं के बीच रहेंगे। इसके अलावा बम डिगी डिगी बम फेम गायिका जैसमिन वालिया, डीजे सफायर, डीजे तत्व, डीजे लुआना, डीजे एबिक्स, डीजे प्रशांत समेत स्टार भी भरमार रहेगी।