पास विद्यार्थियों को चार साल मिलेंगे एक हजार रुपये प्रतिमाह
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। नेशनल मीन्स कम मेरिट स्कॉलरशिप (एनएमएमएस) परीक्षा का परिणाम राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) द्वारा जारी कर दिया गया है। जिले के 177 विद्यार्थियों ने परीक्षा पास की है। एनएमएमएस की परीक्षा बीते 20 नवंबर को आयोजित की गई थी, जिसका परिणाम अब घोषित किया गया है।
जिला शिक्षा विभाग अब परीक्षा पास करने वाले विद्यार्थियों के आठवीं कक्षा में आए अंक व इनके परिवार की सालाना आय सत्यापित करेगा। यदि परीक्षा पास करने वाले विद्यार्थी के आठवीं कक्षा में 55 फीसदी से अधिक अंक हैं और उनके परिवार की आय 1.50 लाख से कम है तो इन विद्यार्थियों को नौवीं से 12वीं कक्षा तक हर माह एक हजार रुपये की छात्रवृत्ति दी जाएगी। यानी चार साल की पढ़ाई में उन्हें 48 हजार रुपये छात्रवृत्ति के रूप में मिलेंगे। यह राशि विद्यार्थियों के बैंक खातों में आएगी।
सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले आर्थिक तौर पर जरूरतमंद मेधावी छात्र-छात्राओं के सहयोग के लिए शिक्षा विभाग ने योजना शुरू की है। विभाग की ओर से दी जा रही छात्रवृत्ति राशि को छात्र-छात्राएं अपनी पढ़ाई पर खर्च कर सकेंगे, इससे पैसों की कमी से उनकी पढ़ाई बाधित नहीं होगी।
जिला विज्ञान विशेषज्ञ बलवान सिंह ने बताया कि एनएमएमएस परीक्षा में गुरुग्राम के 175 छात्र-छात्राएं उत्तीर्ण हुए हैं। जल्द ही छात्रवृत्ति देने संबंधित प्रक्रिया शुरू की जाएगी। चयनित विद्यार्थियों को नौवीं से 12वीं कक्षा तक की पढ़ाई सरकारी स्कूल से ही करनी होगी। यदि वे पढ़ाई बीच में छोड़ेंगे तो छात्रवृत्ति भी बंद हो जाएगी।