नजफगढ़ डे्न के पास बांध बनाने का मामला
धनकोट में महापंचायत सर्कल रेट से चार गुणा मुआवजा राशि मांगी
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। राज्य सरकार की ओर से दिल्ली हरियाणा के बीच नजफगढ़ ड्रेन पर सौ एकड़ में बनाने की योजना के संबंध में रविवार को धनकोट गांव में ग्रामीणों ने महापंचायत की। इस दौरान ग्रामीणों ने मांग कि उन्हें अधिग्रहीत की जा रही भूमि का सर्कल रेट से चार गुणा मुआवजा दिया जाए। इसके अलावा यह मुआवजा राशि देने की समय सीमा तय की जाए। इस संबंध में सरकार का रुख देखने के बाद किसान एक बार फिर पंचायत करेंगे।
धनकोट में हुई महापंचायत में धनकोट के अलावा चंदु, खेड़की, दौलताबाद, मोहम्मदहेड़ी, धर्मपुर, माकडौला आदि गांवों के किसानों ने शिरकत की। महापंचायत की अध्यक्षता परिवर्तन संघ के अध्यक्ष राकेश दौलताबाद ने की। इस मौके पर उन्होंने पिछले 40 वर्षों से करीब साढ़े पांच हजार एकड़ भूमि ड्रेन के पानी में डूबी हुई है। इस कारण किसानों को भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने इस मामले में जल्द ही दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल और हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात करने की बात की।
उधर किसानों ने कहा कि गुरुग्राम और मानेसर में बने फ्लैटों से सरकार करोड़ों रुपये टैक्स वसूलती है और उन फ्लैटों का मल व कचरा नजफगढ़ ड्रेन में छोड़ा जाता है, जिससे उनकी उपजाऊ भूमि भी पानी में डूबी रहती है। लोगों ने मांग कि सरकार एसटीपी प्लांट लगाए और उसके बाद उस पानी को ड्रेन में छोड़ा जाएं, जिससे उस पानी का उपयोग हो सके। वहीं महापंचायत में कुछ लोगों ने चेतावनी दी कि सरकार की ओर से उनकी मांग नहीं माने जाने की स्थिति में वे कोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे।