सीवर की लाइन में लीकेज से धंसी सड़क, यातायात बाधित
क्रॉसर
- आधे किमी तक लगा जाम, रेंग-रेंग कर निकले वाहन
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। ओल्ड रेलवे रोड स्थित वाल्मीकि मंदिर के पास सीवर की मेन लाइन में लीकेज के कारण रविवार देर रात सड़क धंस गई। जिसके कारण सड़क के बीचों बीच बड़ा गड्ढा हो गया। सड़क धंसने से रोड पर यातायात बाधित हो गया है। सोमवार को वाहनों का दबाव ज्यादा होने के कारण मौके पर आधा किमी तक लंबा जाम लगा रहा। इससे वाहन रेंग-रेंग कर निकलते नजर आए। स्थानीय लोगों ने बेरिकेड से गड्ढे को ढक दिया है। जिससे गड्ढे के कारण कोई हादसा न हो। स्थानीय दुकानदार राम कुमार की मानें तो सीवर की लाइन काफी पुरानी होने के चलते जर्जर हो चुकी है। पाइप में लीकेज के कारण रविवार देर रात सड़क अचानक धंस गई। जिसके कारण वहां गड्ढा बन गया है।
गड्ढे में गंदा पानी भरने से इलाके में बदबू भी फैली हुई है। वहीं इसके कारण यातायात बाधित होने से राहगीरों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क टूटी और संकरी होने के चलते यहां जाम लग रहा है। उन्होंने बताया कि निगम के अधिकारियों को इसकी शिकायत भी दी गई, लेकिन उसके बाद भी इसे ठीक नहीं किया गया है। इसके चलते आसपास के लोगों ने हादसे से बचाव के लिए गड्ढे को बेरिकेड लगाकर कवर कर दिया है।
------