-पटपड़बास गांव की राजकीय प्राथमिक पाठशाला का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
पुन्हाना। नगरपालिका क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पटपड़बास गांव के राजकीय प्राथमिक पाठशाला की हालत बेहद जर्जर हो चुकी है। स्कूल भवन की खस्ता स्थिति के चलते यहां पढ़ने वाले करीब 160 बच्चों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं। पहली से पांचवीं कक्षा तक के बच्चे जोखिम के बीच शिक्षा ग्रहण करने को मजबूर हैं।
ग्रामीणों के अनुसार स्कूल के कई कमरों की छत से लेंटर के सरिये बाहर दिखाई दे रहे हैं, जबकि दीवारों में भी बड़ी-बड़ी दरारें आ चुकी हैं। बरसात के दिनों में स्थिति और भयावह हो जाती है, जब छत से पानी टपकता है और बच्चों को कक्षाओं में बैठना मुश्किल हो जाता है। अभिभावकों का कहना है कि कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है, लेकिन इसके बावजूद विभाग की ओर से अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) के चेयरमैन साजिद, नगर पालिका पार्षद जाहिद हुसैन, ने इस समस्या को लेकर खंड शिक्षा अधिकारी को लिखित शिकायत दी है। उन्होंने मांग की है कि स्कूल के जर्जर कमरों का जल्द से जल्द पुनर्निर्माण कराया जाए और जहां मरम्मत संभव है, वहां तत्काल मरम्मत करवाई जाए। उनका कहना है कि बच्चों की सुरक्षा के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जा सकता। ग्रामीणों में इस मुद्दे को लेकर भारी रोष है। उनका कहना है कि कई बार संबंधित अधिकारियों को मौखिक रूप से भी अवगत कराया जा चुका है, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। यदि जल्द ही समाधान नहीं हुआ तो स्कूल प्रांगण में धरना देगें।
शिकायत प्राप्त हुई है जिसे उच्च अधिकारियों को भेज दिया है। जल्द ही मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
वीरेन्द्र कुमार, खंड शिक्षा अधिकारी पुन्हाना