गुरुग्राम। साइबर ठगों ने शेयर बाजार में निवेश कर उच्च रिटर्न कमाने का झांसा देकर 16 लाख रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित युवक की शिकायत के आधार पर साइबर अपराध थाना मानेसर की पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
गुजरात के भरूच निवासी धीरेंद्र राजपूत ने दी शिकायत में बताया कि वह परिवार के साथ सेक्टर-36ए में रहता है और एक मल्टीनेशनल कंपनी में काम करता है। 25 अप्रैल को उसके मोबाइल पर अनजान नंबर से कॉल करने वाले ने शेयर में निवेश करके अच्छा मुनाफा कमाने के बारे में बताया। जानकारी मांगने पर टेलीग्राम एप पर ग्रुप से जोड़ दिया। उसने अपने बैंक खाते और पत्नी के बैंक खाते से कई बार में 16 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। मांगने पर जब जालसाजों ने रुपये वापस नहीं किए तो ठगी का एहसास हुआ।
जांच अधिकारी प्रमोद कुमार ने बताया कि ठगी मामले में बैंक खातों की जानकारी ली जा रही है। बैंक खातों के आधार पर आरोपियों की पहचान करके जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा। ब्यूरो