गुरुग्राम। शहर में पिछले काफी समय से लंबित विकास कार्यों को पूरा किए जाने का रास्ता साफ हो गया है। मंगलवार को नगर निगम की वित्त एवं संविदा कमेटी की बैठक में 13 करोड़ रुपये से ज्यादा के 16 विकास कार्यों को प्रशासकीय स्वीकृति दी गई तथा 13 विकास कार्यों के टेंडर को भी मंजूरी दी गई।
बैठक में जिन कार्यों को मंजूरी दी गई हैं, उनमें गांव चक्करपुर में पेयजल आपूर्ति के लिए बूस्टिंग स्टेशन का निर्माण, वार्ड-14 में सड़क का निर्माण, गांव सरहौल में सीवर लाइन का निर्माण समेत अन्य प्रमुख विकास कार्य शामिल हैं। इन कार्यों को पूरा कराने के लिए स्थानीय लोग पिछले काफी समय से मांग कर रहे थे। मेयर मधु आजाद की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सीनियर डिप्टी मेयर प्रोमिला गजेसिंह कबलाना, डिप्टी मेयर सुनीता यादव, नगर निगम के चीफ इंजीनियर ठाकुर लाल शर्मा, कार्यकारी अभियंता धर्मबीर मलिक समेत अन्य लोग मौजूद रहेे।
ये होंगे विकास कार्य
वार्ड-33 के गांव चक्करपुर में पेयजल आपूर्ति के लिए बूस्टिंग स्टेशन का निर्माण करने के लिए 2 करोड़ रुपयेे, वार्ड-14 में पंचमुखी हनुमान मंदिर से सूर्या विहार चौक तक आरसीसी ड्रेन निर्माण के लिए 2 करोड़ 29 लाख रुपये, पेस सिटी-1 सेक्टर-37 में पेयजल आपूर्ति के लिए 1 करोड़ 11 लाख रुपयेे, गांव सरहौल में सीवर लाइन कार्य के लिए 2 करोड़ 35 लाख, सेक्टर-10ए में स्ट्रॉम वाटर ड्रेनेज के लिए 2 करोड़ 45 लाख सेक्टर-47 सुशांत लोक सी ब्लॉक में सड़क, सीवर एवं पेयजल आपूर्ति के लिए 1 करोड़ 48 लाख रुपये और शक्ति पार्क में विभिन्न सड़कों के निर्माण के लिए 1 करोड़ 58 लाख रुपये के प्रस्ताव को स्वीकृति मिली।
ये कार्य भी शामिल
इसके अलावा, पालम विहार में स्ट्रॉम वाटर ड्रेनेज व्यवस्था के लिए 1 करोड़ 69 लाख रुपयेे, कादीपुर गांव स्थित राजकीय उच्च विद्यालय में नए कमरों के निर्माण के लिए 1 करोड़ 3 लाख रुपये, सेक्टर-43 में सड़कों की रि-कारपेटिंग के लिए 2 करोड़ 31 लाख रुपयेे, सेक्टर-21 व 22 बी में 14 पार्कों के रेनोवेशन के लिए 2 करोड़ 45 लाख रुपये, सेक्टर-52 में सर्विस रोड के पुनर्निनिर्माण के लिए 1 करोड़ 93 लाख रूपये, सेक्टर-52 में प्रस्तावित सामुदायिक केंद्र के लिए 2 करोड़ 48 लाख, वार्ड-23 के विभिन्न पार्कों में बच्चों के खेलने के लिए उपकरण, ओपन जिम, डस्टबिन तथा बेंच आदि के लिए 1 करोड़ 49 लाख रूपये, एएसएफ चौक ग्वाल पहाड़ी में पार्क विकसित करने के लिए 1 करोड़ 1 लाख रुपये तथा सेक्टर-9 में विभिन्न सड़कों के निर्माण के लिए 1 करोड़ 9 लाख रुपये के प्रस्ताव को प्रशासकीय स्वीकृति दी गई।
इन कार्यों के टेंडर मंजूर :
बैठक में 13 विकास कार्यों के टेंडर को भी मंजूरी प्रदान की गई। इनमें गांव झाड़सा में प्रजापति धर्मशाला के पुनर्निनिर्माण के लिए 2 करोड़ 13 लाख रुपये, वार्ड-35 में सड़कों के निर्माण के लिए 1 करोड़ 72 लाख रुपयेे, सेक्टर-4 में स्ट्रॉम वाटर ड्रेनेज के लिए 1 करोड़ 50 लाख रुपये तथा 1 करोड़ 53 लाख रुपये, अर्जुन नगर में मल्टीपर्पज हॉल के लिए 2 करोड़ 49 लाख, हरसरू गांव के नजदीक सीवर लाइन निर्माण के लिए 1 करोड़ 47 लाख, गांव टीकरी में ओल्ड एज होम के पुनर्निनिर्माण के लिए 1 करोड़ 68 लाख, गांव नाथूपुर में बूस्टिंग स्टेशन एवं अंडरग्राउंड टैंक निर्माण के लिए 1 करोड़ 84 लाख रूपये, सेक्टर-52 में सड़कों की मरम्मत के लिए 1 करोड़ 49 लाख रूपये, जोन-2 क्षेत्र में बेहतर एवं शुद्ध पेयजल आपूर्ति के लिए 2 करोड़ 41 लाख तथा जैकमपुरा स्थित रविदास भवन के पुनर्निनिर्माण के लिए 1 करोड़ 92 लाख के टेंडर को मंजूरी दी गई।
वित्त एवं संविदा कमेटी की बैठक में 16 विकास कार्यों के लिए तैयार किए गए प्रस्तावों तथा 13 विकास कार्यों के लिए टेंडर अलॉटमेंट को मंजूरी दी गई है। अधिकारियों को विकास कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा निर्धारित समयावधि में विकास कार्य पूरा करवाने के निर्देश दिए गए हैं।
- मधु आजाद, मेयर, गुरुग्राम