जुलाई में मिले 12 केस, अब तक 27 मामले
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। डेंगू के मामले तेजी से बढ़ने लगे हैं। बुधवार को जिले में तीन नए मामलों की पुष्टि हुई। बीते नौ दिनों में ही जिले में डेंगू के 15 मामले मिले हैं। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
बीते माह जिले में पहला डेंगू पीड़ित मिलने के बाद से नए मामलों का सिलसिला तेजी से बढ़ता ही जा रहा है। जुलाई में कुल 30 दिनों में 12 डेंगू के मामले मिले। इस माह नौ दिनों में ही 15 मामलों की पुष्टि हो चुकी है। अब तक कुल 27 डेंगू पीड़ित मिल चुके हैं। डेंगू मरीजों में से चार मरीजों की हालत बिगड़ी है। इसमें से तीन सरकारी और एक निजी अस्पताल में उपचाराधीन है।
अब तक दस भर्ती मरीजों को अस्पताल से छट्टी मिली है। प्राथमिक चिकित्सा केंद्र वजीराबाद और गुरुग्राम विलेज डेंगू मामलों के लिए संवेदनशील बने हुए हैं। ज्यादातर नए मामले शहरी क्षेत्र से मिले हैं। जिला डेंगू मलेरिया रोकथाम विभाग प्रभारी डॉ जय प्रकाश ने बताया कि मलेरिया के मामले फिलहाल नहीं मिले हैं। डेंगू के मामलों पर लगातार नजर रखी जा रही है। विभाग का प्रयास है कि कोई भी डेंगू पीड़ित गंभीर स्थिति में न पहुंचे।