गुरुग्राम। केनरा-सिंडिकेट बैंक के सेवानिवृत्त अधिकारियों की संस्था ने पेंशनर्स की सुविधा के लिए एक अनूठी पहल की है। संस्था उनके घरों के नजदीक डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र जमा कराने के शिविर लगा रही है। इसी कड़ी में सेक्टर-4 स्थित वैश्य समाज धर्मशाला में तीन दिवसीय शिविर शुरू हुआ है। यह शिविर तीन से पांच नवंबर तक चलेगा। गुरुग्राम के डिप्टी मेयर अनूप भांभू ने इसका शुभारंभ किया। पहले दिन करीब 145 पेंशनर्स ने अपने डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र ऑनलाइन जमा कराए। इनमें सेक्टर-4, सेक्टर-7, कृष्णा कॉलोनी और न्यू कॉलोनी के पेंशनर्स शामिल थे। संस्था ने बताया कि बुजुर्गों को बैंक या कार्यालय तक पहुंचने में दिक्कत होती है। यह सुविधा उन्हें परेशानी से बचाने के लिए दी जा रही है। डिप्टी मेयर भांभू ने संस्था के इस प्रयास की सराहना की। संवाद