स्वच्छता ऐप पर आई शिकायत
12 घंटे में करनी होगी दूर
समाधान नहीं करने वाले अधिकारी व कर्मचारी पर होगी कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। शहर में कहीं पर भी गंदगी, सार्वजनिक शौचालयों में सफाई नहीं होने, मृत पशुओं की उठाने आदि की समस्या है तो स्वच्छता ऐप पर शिकायत देकर उसका 12 घंटे में समाधान करा सकते हैं। ऐप पर शिकायत के बाद निगम अधिकरी 12 घंटे में उसका समाधान करेंगे। 12 घंटे मेें समस्या का समाधान नहीं हुआ तो संबधित अधिकारी व कर्मचारी पर कार्रवाई होगी। निगमायुक्त ने सभी निगम अधिकारियों को ऐप डाउनलोड करने के आदेश दिए हैं।
स्वच्छता केवल घर और गली की सफाई तक ही सीमित नहीं, बल्कि सार्वजनिक एवं सामुदायिक शौचालय में लाइट और पानी नहीं होने, कचरा पड़ा होने, कचरा लेने वाली गाड़ी ना आने, सफाई कर्मचारी के न आने, मृत जानवर पड़ा होने की शिकायत भी ऐप पर हो सकेगी। इसके अलावा, डस्टबिन से कचरा ओवरफ्लो होने की भी शिकायत कर सकते हैं। इनका समाधान नगर निगम को 12 घंटे के अंदर करना होगा। तय समय सीमा में शिकायत का समाधान नहीं किया जाता है तो भारत सरकार स्वच्छता को लेकर अंक भी काट सकती है।
इस संबंध में निगमायुक्त यशपाल यादव का कहना है कि निगम के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वच्छता ऐप अपने मोबाइल में डाउनलोड करने के आदेश दिए गए हैं, ताकि इस पर प्राप्त होने वाली सभी शिकायतों का समाधान निर्धारित समय सीमा में किया जा सके।