गुरुग्राम। जिले में वैक्सीन की 65 हजार डोज आने के अगले ही दिन व्यापक स्तर पर कोरोना टीकाकरण किया गया। शुक्रवार को जिले में 215 केंद्रों पर टीकाकरण अभियान चला, जहां 14 हजार 43 लोगों को वैक्सीन लगाई गई। इसमें से शासकीय केंद्रों पर 10218 व निजी टीकाकरण केंद्रों पर 3825 लोगों को कोरोना का टीका लगाया गया।
इसमें से 45 साल से ऊपर के 12967 लोगों को टीका लगाया गया। शासकीय टीकाकरण केंद्रों पर 45 साल से ऊपर के 8658 लोगों को पहली व 515 लोगों को टीके की दूसरी डोज दी गई। वहीं, निजी केंद्रों पर 3381 लोगों को पहली डोज व 413 लोगों को कोरोना टीके की दूसरी डोज दी गई। बृहस्पतिवार को जिले में कुल 240 स्वास्थ्यकर्मियों को टीका लगाया गया, जिसमें शासकीय टीकाकरण केंद्रों पर 75 को टीके की पहली डोज दी गई जबकि 139 लोगों को दूसरी डोज दी गई। वहीं, निजी केंद्रों पर 3 स्वास्थ्यकर्मियों को टीके की पहली व 23 स्वास्थ्यकर्मियों को दूसरी डोज दी गई। इसके अलावा 836 फ्रंटलाइन वर्कर्स को भी टीका लगाया गया, जिसमें से शासकीय केंद्र पर 58 को पहली डोज लगी जबकि 773 फ्रंटलाइन वर्कर्स को टीके की दूसरी डोज दी गई। इसके साथ ही निजी केंद्रों पर 5 फ्रंटलाइन वर्कर्स को टीका लगाया गया और सभी को दूसरी डोज दी गई।
एसीपी ने लगवाया टीका
पटौदी में भी टीकाकरण की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। इसी क्रम में पटौदी के एसीपी वीर सिंह ने नागरिक उपमंडल अस्पताल पहुंचकर कोरोना का टीका लगवाया। इस मौके पर एसीपी ने सभी लोगों से आह्वान किया कि सरकार द्वारा लगाए जा रहे निशुल्क कोरोना के टीके को अवश्य लगवाएं। जिस प्रकार से दिन-प्रतिदिन कोरोना मरीजों की संख्या बढ़ रही है, उसको देखते हुए सभी लोग फेस मास्क का प्रयोग अनिवार्य रूप से करें। दो गज की दूरी बनाएं एवं दिन में कई बार साबुन से हाथ अवश्य धोएं। उन्होंने कहा कि भीड़भाड़ वाले इलाकों में जाने से परहेज करें क्योंकि जब हम सरकार के दिए हुए आदेशों का पालन करेंगे तब ही हम इस महामारी से बच सकते है।