गुरुग्राम। 4 से 17 अक्तूबर तक देहरादून में 44वीं नॉर्थ जोन शूटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें हरियाणा शूटिंग एकेडमी के निशानेबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई पदक अपने नाम किए। एकेडमी के कुल 16 शूटरों ने इस प्रतियोगिता में भाग लिया जिनमें से 14 खिलाड़ियों ने नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप के लिए क्वालिफाई किया है।
गुरुग्राम की ओर से शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों में लव दहिया, अभिष्ट भांभू, हिमांशु, भूमिक, गुनिका शर्मा, रंजीत, अन्निका गर्ग, तनमय कौशिक, निहारिका कौशिक, गर्वित तोमर, मलित्य, रोहित सहारण, धैर्य अग्रवाल और संजीव कुमार शामिल हैं। सभी खिलाड़ियों ने विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट निशानेबाजी दिखाते हुए चयनकर्ताओं को प्रभावित किया। हरियाणा शूटिंग एकेडमी के कोच कैप्टन राजकुमार ने कहा कि हमारे खिलाड़ियों ने लगातार कड़ी मेहनत की है। रोज़ाना की प्रैक्टिस, फोकस और फिटनेस के प्रति समर्पण ने आज यह सफलता दिलाई है। यह जिले के लिए गर्व की बात है कि 16 में से 14 शूटरों ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए जगह बनाई। अब हमारा लक्ष्य राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतना है।