हरियाणा ने प्रतियोगिता में 32 स्वर्ण, 34 रजत और 28 कांस्य पदक किए हासिल
हरियाणा की टीम बनी उपविजेता
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। मध्य प्रदेश के इंदौर स्थित इंदौर पब्लिक स्कूल में 17 से 21 जून तक सब जूनियर्स राष्ट्रीय किकबॉक्सिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले और हरियाणा का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में देश के 26 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों से लगभग 1500 खिलाड़ियों ने भाग लिया। हरियाणा की 90 सदस्यीय टीम में जिले के 21 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इनमेें से 14 खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में पदक जीते। हरियाणा ने प्रतियोगिता में कुल 32 स्वर्ण, 34 रजत और 28 कांस्य पदक जीतकर ओवरऑल प्रथम उपविजेता का स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ियों का चयन आगामी वाको वर्ल्ड किकबॉक्सिंग चैंपियनशिप चिल्ड्रन, कैडेट्स और जूनियर्स के लिए किया गया है। यह 18 से 27 सितंबर तक इटली के वेनिस में आयोजित होगी। सानवी चौधरी ने स्वर्ण पदक जीतकर विश्व चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर प्राप्त किया है। हरियाणा टीम के कोच गीता ग्लाने लामा और अजीत कुमार के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। गुरुग्राम जिला किकबॉक्सिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रमोद अग्रवाल और महासचिव सीमा सैनी ने सभी खिलाड़ियों, कोचों और अभिभावकों को बधाई देते हुए कहा कि खिलाड़ियों की यह उपलब्धि जिले के लिए गर्व का विषय है और भविष्य में भी वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत और हरियाणा का नाम रोशन करेंगे।
इन खिलाड़ियों ने जीते पदक
जिले की सानवी चौधरी ने ओल्डर कैडेट वर्ग (60 किग्रा से कम) में पॉइंट फाइटिंग में स्वर्ण तथा क्रिएटिव फॉर्म्स विद वेपन में रजत पदक जीता। कनिष अहूजा ने किक लाइट में रजत, वरुणी बजाज ने ओल्डर कैडेट (55 किग्रा से कम) वर्ग में किक लाइट में रजत, गौरांग कपूर ने चिल्ड्रेन वर्ग (30 किग्रा से कम) में किक लाइट में रजत और लाइट कॉन्टैक्ट में कांस्य पदक अपने नाम किया। वहीं, लावण्या ने ओल्डर कैडेट (42 किग्रा से कम) वर्ग में किक लाइट में रजत, शौर्य चौधरी ने ओल्डर कैडेट (69 किग्रा से अधिक) वर्ग में लाइट कॉन्टैक्ट में कांस्य तथा आर्यमान तिवारी ने इसी वर्ग में किक लाइट में कांस्य पदक प्राप्त किया। इसके अलावा ओमिशा गुप्ता ने ओल्डर कैडेट (60 किग्रा से अधिक) वर्ग में किक लाइट में रजत और लाइट कॉन्टैक्ट में कांस्य पदक जीतकर दोहरी सफलता हासिल की। इसी तरह यंगर कैडेट वर्ग में आरित इंद्रजीत ने पॉइंट फाइटिंग 47 किग्रा से अधिक में कांस्य तथा पॉइंट फाइटिंग टीम स्पर्धा में रजत पदक जीता। युवराज सिंह और वेदांश तिवारी ने भी पॉइंट फाइटिंग टीम स्पर्धा में रजत और चिल्ड्रेन वर्ग में प्रद्युम्न शर्मा ने पॉइंट फाइटिंग 18 किग्रा से कम में कांस्य तथा किक लाइट में रजत पदक जीता। वहीं, घनन अमित जाधवकर ने पॉइंट फाइटिंग 33 किग्रा से कम में कांस्य और आद्विक इंद्रजीत ने भी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हरियाणा टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए सराहनीय प्रदर्शन किया।