नूंह हिंसा में शामिल दंगाइयों को गिरफ्तार करने में पुलिस की धरपकड़ लगातार जारी है। पुलिस की कई टीमें हिंसा से जुड़े आरोपियों की पहचान करने में जुटी हैं। इसी कड़ी में नूंह पुलिस ने 14 और आरोपियों को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है। इनमें चार आरोपी अकबर गांव हुसैनपुर, सैमून गांव खानपुर, मौजखा गांव घासेड़ा और मुकीम गांव फिरोजपुर को नूंह सिटी थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जबकि अन्य 10 आरोपियों को अलग-अलग थाना पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया है।
वहीं, पुलिस ने ब्रज मंडल हिंसा मामले में अब तक 60 एफआईआर दर्ज करते हुए 259 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस फरार और छिपे हुए आरोपियों की तलाश में पुलिस जुटी हुई है। इसके अलावा नूंह साइबर क्राइम थाना पुलिस ने सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने संबंधी 11 लोगों पर एफआईआर दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस हिंसा में शामिल आरोपियों को पकड़ने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों की अध्यक्षता में आठ टीमों का गठन किया हुआ है, जो जगह-जगह छापेमारी कर आरोपियों की पहचान कर रही हैं।
इसके अलावा जिले में तीन डीएसपी स्तर के अधिकारियों की अध्यक्षता में एसआईटी गठित की गई है, जो गहनता से मामले की जांच कर रही है। नूंह पुलिस अधीक्षक नरेंद्र बिजारनिया ने लोगों अपील करते हुए कहा कि आमजन अफवाह पर ध्यान न दें। पुलिस हिंसा से जुड़े आरोपियों की पहचान करते हुए गिरफ्तार कर रही है। किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस का लगातार सर्च अभियान जारी है।