गुरुग्राम। कोरोना संक्रमण कम हुआ तो गुरुग्राम मेट्रोपोलिटल सिटी बस लिमिटेड (जीएमसीबीएल) की बसों को शहर के 23 रूटों पर संचालन किया गया। इसके तहत 135 सिटी बसें सवारियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने में लगाई गईं हैं। जीएमसीबीएल की ओर से पुराने रूटों पर सवारियों की संख्या को देखा जा रहा है, जिस रूट पर ज्यादा सवारियां होंगी, वहां बसों को बढ़ाया जा रहा है।
लॉकडाउन के दौरान शहर के 11 रूटों पर लगभग 40 बसों का संचालन किया जा था। लॉकडाउन में छूट मिलने के साथ ही विभिन्न रूटों पर बसों को बढ़ाया गया है। शहर के रेलवे स्टेशन, बस अड्डा, सेक्टर 55-56, हुडा सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन, दौलतबाद गांव सहित अन्य रूटों पर जीएमसीबीएल की गुरुगमन सिटी बसों को चलाया जा रहा है।
कोरोना महामारी के कारण मई माह में लॉकडाउन लगने से पहले लगभग 30 रूटों पर 170 से अधिक गुरुगमन सिटी बसें चल रही थीं लेकिन लॉकडाउन के बाद 11 रूटों पर 40 गुरुगमन सिटी बसों को ही शुरू रखा गया था और चालक-परिचालकों को रोस्टर बनाकर ड्यूटी पर बुलाया जा रहा था। लॉकडाउन में छूट मिलने के साथ ही सवारियों की संख्या बढ़ने के साथ ही रूटों पर बसों का संचालन शुरू कराया गया। वहीं, फर्रुखनगर सहित अन्य कई रूटों पर ग्रामीण क्षेत्र के लोगों द्वारा जीएमसीबीएल के अधिकारियों से गुरुगमन सिटी बसों को चलाने की मांग की जा रही है।
जीएमसीबीएल के डिपो प्रबंधक अरुण शर्मा ने बताया कि लॉकडाउन में छूट मिलने पर बसों को बढ़ाया गया है। वर्तमान में 135 बसों को शहर के विभिन्न रूटों पर चलाया जा रहा है। आगामी दिनों कई रूटों पर बसों को बढ़ाया जाएगा। वहीं जिन रूटों सिटी बसों को चलाने की मांग की जा रही है, उन रूटों पर भी बसों को चलाया जाएगा।