दिव्यांगों को बेहतर शिक्षा देने के लिए शिक्षकों को प्रशिक्षित करेगा एससीईआरटी
गुरुग्राम। दिव्यांग बच्चों के शैक्षणिक और भौतिक विकास के लिए एससीईआरटी (राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद) की ओर से शैक्षणिक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें कक्षा नवीं से 12वीं तक के 238 शिक्षक शामिल होंगे। प्रशिक्षण कार्यक्रम खंड स्तर पर होगा।
दिव्यांग विद्यार्थियों को समावेशी शिक्षक के जरिए रोजाना होने वाले क्रियाकलाप, वाणी विकास के साथ स्पीच थैरेपी आदि के बारे में बताया जाएगा। एससीईआरटी निदेशिका ने बताया कि दो बैच में प्रशिक्षण कराया जाएगा। इसमें पहले बैच का प्रशिक्षण 26 से 28 फरवरी तक होगा। वहीं दूसरे बैच का प्रशिक्षण छह मार्च से शुरू किया जाएगा। प्रशिक्षण देने के लिए राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद, सामाजिक संस्था, महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय व सेक्टर-15 स्थित मूक-बधिर स्कूल से प्रशिक्षक आएंगे।
------