यूपी, जम्मू एवं कश्मीर, दिल्ली और नोएडा के लिए महत्वपूर्ण
--------------------------------------
आज आएंगे गृह मंत्री राजनाथ सिंह, एसपीसी की तैयारी पूरी
- फुल ड्रेस रिहर्सल से तैयारियों को अंतिम रूप, वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। राष्ट्रीय स्तर पर स्कूली बच्चों के लिए लागू किए जाने वाले स्टूडेंट पुलिस कैडेट (एसपीसी) कार्यक्रम के राष्ट्रीय लांचिंग की तैयारियां शुक्रवार को पूरी हो र्गइं। बतौर मुख्य अतिथि गृह मंत्री राजनाथ सिंह इस कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। समारोह की तैयारियों को गृह मंत्री के सलाहकार एचके पालिवाल, केंद्रीय गृह मंत्रालय के संयुक्त सचिव विवेक भारद्वाज, हरियाणा पुलिस के एडीजीपी एएस चावला और आईजी सीआईडी अनिल राव की उपस्थिति में अंतिम रूप दिया गया।
ताऊ देवीलाल स्टेडियम में आयोजित शुक्रवार को फुल ड्रेस रिहर्सल भी की गई। समारोह में विभिन्न राज्यों से आए सात मास्टर ट्रेनरों सहित बेस्ट लोगो (प्रतीक चिन्ह), मोटो (सिद्धांत) और थीम सांग तैयार करने में योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा। समारोह में एसपीसी कार्यक्रम के लिए विशेष रूप से बनाए गए फ्लैग का अनावरण करके उसे गृहमंत्री राजनाथ सिंह के हाथों एसपीसी कैडेट्स को हस्तांतरित किया जाएगा। यहां बनाए एक मंच पर केंद्रीय व राज्य मंत्री और गृह मंत्रालय के अधिकारी रहेंगे। दूसरे मंच पर विद्यार्थियों द्वारा कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा।
समारोह की झलकियों को उपस्थित सभी दर्शकों तक पहुंचाने के लिए चार एलईडी स्क्रीन भी लगाई गई हैं। मौसम को देखते हुए समारोह स्थल का पूरा पंडाल वातानुकूलित बनाया गया है। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में स्कूली बच्चों का हरियाणवी नृत्य आकर्षण का केन्द्र होगा।
----------------
यह होंगे सम्मानित
-मास्टर ट्रेनरों में राजस्थान पुलिस की इंस्पेक्टर कमला पूनिया, उत्तर प्रदेश पुलिस से इंस्पेक्टर रामपाल सिंह, महाराष्ट्र पुलिस से इंस्पेक्टर दिनेश लक्ष्मण गोरिवले, आंध्र प्रदेश पुलिस से उप पुलिस अधीक्षक एन. कृष्णा किशोर रेड्डी , जम्मू एवं कश्मीर पुलिस से उप पुलिस अधीक्षक राकेश अकरम, छत्तीसगढ़ पुलिस से उप पुलिस अधीक्षक अर्चना चौधरी तथा मिजोरम पुलिस से उप पुलिस अधीक्षक हेनरी मलसांगलुआंगा शामिल हैं। बेस्ट लोगो के लिए नीफ्ट दिल्ली से महिमा शर्मा, बीएसएफ शिलांग के हेडकांस्टेबल जे. कुमारन, बेस्ट मोटो के लिए महिमा शर्मा, बेस्ट थीम सांग के लिए नोएडा से आरिफ फजल खान को सम्मानित किया जाएगा।
-----------