गुरुग्राम। बर्ड फ्लू को लेकर चकरपुर के आसपास की चिकन दुकानें बंद कर दी गई है। वहीं स्वास्थ्य और पशुपालन विभाग की ओर से तैनात की गई टीमें गांव के 10 किलोमीटर दायरे में रहने वाले 13 हजार लोगों के स्वास्थ्य की जांच कर चुकी है।
रविवार देर शाम भोपाल से नेशनल इंस्टीट्यूट फार हाई रिस्क एनिमल डिजीज संस्थान की तीन सदस्यीय टीम चकरपुर गांव में पहुंची। यहां टीम ने दिल्ली पशुपालन विभाग के दो चिकित्सकों की मदद से लोगों के स्वास्थ्य की जांच की। साथ ही टीम ने 20 मुर्गों के सैंपल भी लिए। टीम ने मृतक बच्चे के परिजनों सहित 18 नजदीकी परिचितों के स्वास्थ्य की जांच करने के साथ-साथ बर्ड फ्लू की जांच के लिए सैंपल लिए। अब तक की जांच में सभी लोग स्वस्थ मिले हैं।
दो से तीन सप्ताह में आएगी रिपोर्ट
जांच के लिए गए नमूनों की रिपोर्ट दो से तीन सप्ताह में आएगी। तब तक पशुपालन पूरी एहतियात बरत रहा है। विभाग की उपनिदेशक डॉ. पुनीता गहलावत ने कहा कि चकरपुर गांव के 10 किलोमीटर दायरे के साथ ही जिले के पोल्ट्री फार्म विभाग की निगरानी में है। सभी संचालकों को पूरी सावधानी बरतने के लिए हिदायत दी गई है। उन्होंने कहा कि टीमों की ओर से लगातार चौकसी बरती जा रही है। लोगों के स्वास्थ्य के साथ ही मुर्गों की भी जांच की जा रही है। अभी तक किसी भी इंसान और पक्षी में ऐसा कोई लक्षण नहीं मिला है। अब तक सब ठीक है। 11 को चकरपुर में रहने वाले 11 साल के बच्चे की दिल्ली एम्स में मौत हो गई थी। बच्चे में बर्ड फ्लू के लक्षण दिखाई देने पर एम्स की ओर से सैंपल नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी लैब (पुणे) भेजा गया था।