पुलिस टीम ने स्कूली बसों के चालकों को किया जागरूक
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। यातायात पुलिस द्वारा सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी के तहत बुधवार को पटौदी क्षेत्र के तीन स्कूलों में 12 स्कूली बसों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पुलिस टीम ने में बसों की जांच के साथ ही चालकों को भी यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। वहीं, स्कूल प्रबंधन को भी बच्चों के लिए संचालित स्कूली बसों व अन्य वाहनों की समय पर सर्विस कराने के लिए निर्देश दिए।
पटौदी सिटी टी-पॉइंट जेडओ एएसआई धर्मबीर, आरटीओ गुरुग्राम की टीम के सदस्य व बीओ पटौदी ने स्कूली बसों का निरीक्षण किया। न्यू हैप्पी चाइल्ड स्कूल, एचसीएम सीनियर सेकेंडरी स्कूल व केशव सीनियर सेकेंडरी स्कूल में निरीक्षण के दौरान बसों में अग्निशमन उपकरण, बसों में बच्चों की सुरक्षा मानक, इमरजेंसी एग्जिट गेट, बस के चालक व उसके सहायक सहित अन्य मानकों की जांच की। चालकों व सहायकों को निर्धारित गति सीमा का पालन, सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने व सभी सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए।
यातायात पुलिस प्रवक्ता विकास वर्मा ने बताया कि निरीक्षण के दौरान बसों में सुरक्षा संबंधी आवश्यक मानकों, दस्तावेज, आपातकालीन उपकरणों सहित अन्य व्यवस्थाओं की जांच की गई। सभी बस चालकों को सुरक्षित व जिम्मेदार वाहन संचालन के बारे में जानकारी दी गई।