अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सेक्टर-37 थाना क्षेत्र में 16 अप्रैल को एक जालसाज ने डेबिट कार्ड बदलकर युवक के खाते से 1.14 लाख रुपये निकाल लिए। वारदात के दौरान पीड़ित युवक एटीएम बूथ पर रुपये निकालने के लिए गया था। पीड़ित युवक की शिकायत पर पुलिस ने 13 मई को सेक्टर-37 थाने में संबंधित धाराओं के तहत अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। बस्ती (यूपी) के अकेलापुर कुबेरपुर निवासी राम गोपाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 16 अप्रैल को वह मोहम्मदपुर में एटीएम पर रुपये निकालने गया था। इसी दौरान बूथ पर मौजूद एक व्यक्ति ने धोखे से उसका डेबिट कार्ड बदल दिया। आरोपी ने 16 अप्रैल को 60 हजार रुपये व 17 अप्रैल को 54 हजार रुपये उसके बैंक खाते से निकाल लिए। सेक्टर-37 थाना के एएसआई रीना ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करके छानबीन की जा रही है। बैंक शाखा से एटीएम बूथ की सीसीटीवी फुटेज मांगी जाएगी, ताकि डेबिट कार्ड बदलने वाले आरोपी की पहचान की जा सके।