गुरुग्राम। होम आइसोलेशन में रह रहे कोरोना संक्रमितों के स्वास्थ्य की अब खास तौर पर देखभाल की जाएगी। इसके लिए प्रशासन ने स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों की अलग-अलग टीमों का गठन कर उनको जिम्मेदारी सौंपी है। उपायुक्त अमित खत्री ने बताया कि मरीजों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए 11 सदस्यीय टीम गठित की गई है।
टीम में उप सिविल सर्जन सहित चिकित्सा अधिकारियों और सहायक चिकित्सा अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है, जिसका प्रभारी उप-सिविल सर्जन डॉ. विनीत यादव को बनाया गया है। अब यही टीम होम आइसोलेशन में रह रहे मरीजों से स्वास्थ्य संबंधी जानकारी लेगी। इस दौरान मरीज को कोई दिक्कत होगी तो उसी अनुसार उसका त्वरित समाधान किया जाएगा। वही, गंभीर मरीजों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया जाएगा। डॉक्टरों की टीम मरीजों से सुबह 9 से शाम 5 बजे के बीच संपर्क करेंगे और उनका हालचाल जानेंगे।
इसमें 6 डॉक्टर रोजाना फोन पर इन मरीजों से संपर्क करेंगे और उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी लेंगे जबकि तीन डॉक्टर वैकल्पिक दिनों में मरीजों की समस्याएं सुनेंगे। डॉक्टरों की इस मॉनिटरिंग टीम के अलावा 24 आयुष चिकित्सकों की भी ड्यूटी लगाई गई है, जो होम आइसोलेशन में रह रहे कोरोना संक्रमित मरीजों के घर पर जाकर उनके स्वास्थ्य की जांच करेंगे। इन चिकित्सकों के साथ एएनएम और फार्मासिस्ट भी होंगे। यह टीम पूरे कोरोना संक्रमण काल में मरीज के घर पांच बार जाकर उनका हालचाल लेगी। जिले के ग्रामीण क्षेत्र में 138 आरआरटी (रैपिड रिस्पांस टीम) टीमें और शहरी क्षेत्र में 143 टीमें लगी हुई हैं।