गुरुग्राम। मानेसर में एक डिलीवरी बॉय ने बड़ी हेराफेरी को अंजाम दिया है। ट्रांसपोर्ट कंपनी से सात एप्पल 12 प्रो मैक्स मोबाइल के कोरियर को लेकर ग्राहक तक गया डिलीवरी बॉय उसे बिना दिए ही वापस लौट आया, रास्ते में सभी असली मोबाइल की जगह डिब्बों में नकली फोन भरकर ट्रांसपोर्ट कंपनी को लौटा दिया। मामले का खुलासा होने पर ट्रांसपोर्ट कंपनी के मैनेजर ने डिलीवरी बॉय के खिलाफ मामला दर्ज कराया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने मोबाइल बदलने की बात कबूल ली।
आईएमटी मानेसर थाना में मामला दर्ज कराते हुए भिवानी निवासी धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि वह आशीष ट्रांसपोर्ट कंपनी मेें मैनेजर है। उसकी कंपनी अमेजन का सामान डिलीवर करती है। कंपनी में डिलीवरी बॉय के रूप में कार्यरत बिहार निवासी श्रवण कुमार को एक माह पहले आईएमटी में एक ग्राहक के पास करीब दस लाख की कीमत के सात एप्पल 12 प्रो मैक्स मोबाइल का कोरियर लेकर डिलीवरी के लिए भेजा था।
श्रवण कुमार यह कहकर कोरियर लौटा लाया कि उसे ग्राहक नहीं मिला। कोरियर को डिलीवरी हब में जमा कर दिया गया। यह कोरियर जब अमेजन कंपनी के पास वापस पहुंचा तो वहां से फोन आया कि कोरियर में पैक सभी सात एप्पल फोनों को बदलकर नकली फोन भर दिए गए हैं। मैनेजर धर्मेंद्र ने पुलिस को सूचना देकर श्रवण कुमार पर शक जाहिर किया।
पुलिस ने श्रवण को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने फोन बदलने की बात कबूल ली। मैनेजर ने मामला दर्ज करा दिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।