- आरोपियों से चार मोबाइल, पांच सिम कार्ड और 50 हजार रुपये नकदी बरामद
- आरोपियों पर 11446 शिकायतें और 373 मामले दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। देशभर में 47.29 करोड़ रुपयों की ठगी करने वाले 10 आरोपियों को गुरुग्राम की साइबर अपराध थानों की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से चार मोबाइल, पांच सिम कार्ड और 50 हजार रुपये नकदी बरामद की है। पुलिस ने ये आरोपी अगस्त व सितंबर माह के दौरान पकड़े हैं।
साइबर ठगों से बरामद किए गए चारों मोबाइल की इंडियन साइबर क्राइम कोर्डिनेशन सेंटर से जांच कराने पर पता चला कि आरोपियों पर कुल 11446 शिकायतें और 373 मामले दर्ज हैं। इनमें से 23 मामले हरियाणा के विभिन्न जिलों में दर्ज हैं। जांच में पता चला कि गुरुग्राम के साइबर अपराध थाना पूर्व में तीन मामले साइबर अपराध थाना दक्षिण में एक मामला और साइबर अपराध थाना मानेसर में एक मामला दर्ज है। जांच में पता चला कि ये साइबर ठग फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल, सेक्सटॉर्सन, निवेश कराकर, फर्जी अधिकारी बनकर लोगों के साथ धोखाधाड़ी व ठगी की वारदातों को अंजाम देते हैं।
साइबर अपराध थाना पूर्व की पुलिस ने आरोपी शिवम, मोहम्मद समीर, रोशनी देवी, सोनू, फिरोज व आदिल को गिरफ्तार किया। साइबर अपराध थाना दक्षिण की पुलिस ने आरोपी रिंकू, रविंद्र उर्फ शुरू को गिरफ्तार किया। वहीं, साइबर अपराध थाना मानेसर की पुलिस ने आरोपी रोहित व पंकज को गिरफ्तार किया।
वर्जन
लोगों के साथ साइबर ठगी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। गुरुग्राम पुलिस की साइबर टीमें तकनीकी माध्यम से मोबाइल नंबरों की जांच करती हैं, ताकि साइबर ठगों की पहचान करके उनको पकड़कर जेल भेजा जा सके।
- प्रियांशु दीवान, सहायक पुलिस आयुक्त (साइबर अपराध), गुरुग्राम