देशभर के मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस और बीडीएस प्रोग्राम में दाखिले के लिए 5 मई को आयोजित होने वाली नीट प्रवेश परीक्षा में डेढ़ बजे के बाद छात्रों को एंट्री नहीं मिलेगी। प्रवेश परीक्षा दोपहर 2 से 5 बजे तक चलेगी। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने नीट परीक्षा की तैयारियां पूरी कर ली है।
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) प्रबंधन के मुताबिक, पहली बार पेन और पेपर मोड आधारित नीट परीक्षा 2019 की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। परीक्षा में 15.15 लाख छात्र भाग ले रहे हैं। परीक्षा केंद्र के मुख्य गेट पर बड़ी दीवार घड़ी लगाई जाएगी, ताकि डेढ़ बजे के बाद आने वाले छात्रों को लेट होने की सूचना दी जा सके। इसलिए छात्रों को सलाह दी जाती है कि वे डेढ़ बजे से पहले एंट्री कर लें। देर से आने वाले छात्रों को किसी भी कारण के चलते छूट नहीं दी जाएगी।
यदि कोई छात्र परीक्षा केंद्र पर समय पर नहीं पहुंच पाता है तो उसके लिए दोबारा परीक्षा आयोजित नहीं की जाएगी। छात्र को एडमिट कार्ड के साथ सरकारी फोटो पहचान पत्र लाना अनिवार्य है। इस पहचान पत्र में पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, वोटर कार्ड, पासपोर्ट, आधार कार्ड, राशन कार्ड आदि शामिल हैं। इसके अलावा छात्रों को पासपोर्ट साइज फोटो भी लाना होगा।
डायबिटीज छात्र को दिखाना होगा कार्ड
परीक्षा केंद्र में डायबिटीज छात्रों को ही खाने की अनुमति होगी। इसलिए गेट पर एंट्री के दौरान उन्हें अपना हेल्थ कार्ड दिखाना होगा। परीक्षा अधीक्षक की अनुमति के आधार पर ही डायबिटीज छात्र शुगर टेबलेट, फल (केला, संतरा व सेब) ले जा सकेंगे। इसके अलावा पानी उन्हें पारदर्शी बोतल में ही लाना होगा। छात्रों को परीक्षा केंद्र में चाय, काफी, कोल्ड ड्रिंक, चाकलेट, कैंडी या अन्य प्रकार की बोतल आदि लेकर जाने की अनुमति नहीं होगी।
दो बार हस्ताक्षर करना न भूलें
छात्र को परीक्षा के दौरान दो बार हस्ताक्षर करने होंगे। एक बार अटेंडेंस शीट मिलने के बाद निर्धारित स्थान पर हस्ताक्षर करना होगा। जबकि दूसरी बार आंसर शीट निरीक्षक को देने के बाद करनी होगी। छात्रों को हस्ताक्षर करने के साथ-साथ अटेंडेंस शीट पर अपना फींगर इंप्रेशन भी देना अनिवार्य है। इसलिए अंगुली या अंगूठे पर मेंहदी या कट का निशान नहीं होना चाहिए। छात्रों को सलाह दी जाती है कि टेस्ट बुकलेट मिलने के बाद वे उसके कुल पेज की संख्या व भाषा अवश्य जांच लें। यदि कोई पेज कम लगे तो तुरंत निरीक्षक से दूसरी बुकलेट की मांग करें।