नई दिल्ली के डाबड़ी इलाके में सोमवार रात बदसलूकी का विरोध करने पर एक सिक्योरिटी गार्ड ने 24 वर्षीय युवती पर चाकू से हमला कर दिया। गले में दुप्पटा और ब्लेजर पहने होने की वजह से युवती को गंभीर चोट नहीं लगी, लेकिन उसके शोर मचाने पर पहुंचे लोगों ने आरोपी को दबोच कर जमकर धुनाई कर दी। जांच में पता चला कि उसने नशे में घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी रमन कुमार (55) को गिरफ्तार कर मंगलवार को अदालत में पेश किया, जहां से उसे 14 दिन के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
पुलिस के अनुसार युवती डाबड़ी गांव में रहती है और रोहिणी स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक्स सामान के सर्विस सेंटर में काम करती है। वह मेट्रो से डाबड़ी स्टेशन पर उतरने के बाद घर जा रही थी। डाबड़ी फ्लाईओवर के पास एक अनजान शख्स उसके साथ बदतमीजी और भद्दे कमेंट करने लगा। पहले तो युवती ने अनदेखी की लेकिन वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया तो उसने उसे डांट दिया और आगे बढ़ गई।
कुछ दूरी पर ही युवती के पिता उसका इंतजार कर रहे थे। पिता-पुत्री ऑटो में सवार हो गए। इसी दौरान आरोपी ऑटो के पास पहुंच गया और युवती पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू के वार से युवती के हाथ और गर्दन पर हल्की चोट लगी। युवती के चीखने पर वहां भीड़ जमा हो गई, लेकिन हाथ में चाकू देखकर कोई भी आरोपी के पास नहीं जा रहा था। पीड़िता के गुहार लगाने पर कुछ लोग आगे आए और आरोपी को पकड़कर चाकू छीन लिया। इसके बाद लोगों ने उसे जमकर धुना और पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। वह जनकपुरी स्थित एक कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करता था और घटना के समय नशे में था।